अंतर विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता एएमयू सीनियर सेकेंड्री और आयशा तरीन पब्लिक स्कूल के खिलाड़ी
- फोटो : संवाद
अमर उजाला और ओजोन सिटी के संयुक्त तत्वावधान में अंतर विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में विजडम पब्लिक स्कूल, आयशा तरीन पब्लिक स्कूल, डीएस बाल मंदिर स्कूल और एएमयू सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम पहुंच गई हैं। 24 मई को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। मुख्य अतिथि एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, विशिष्ट अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी राम मिलन और ओजोन सिटी के सीएमडी प्रवीण मंगला होंगे।
23 मई को डीपीएस आगरा रोड और विजडम पब्लिक स्कूल की टीम के बीच मैच खेला गया। दोनों टीमों के अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ियों ने कई आक्रमण किए, लेकिन रक्षापंक्ति के खिलाड़ियों ने उसे असफल कर दिया। पहला हाफ गोल रहित रहा। दूसरे हाफ में विजडम के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल दिखाया। गोल करने की दिशा में फारवर्ड खिलाड़ी को बाधा पहुंचाने पर रेफरी ने विजडम के पक्ष में पेनाल्टी स्ट्रोक दे दिया। 27वें मिनट में कार्तिक सोलंकी ने गोल कर अपना और विजडम की तरफ से पहला गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। 37वें मिनट में डीपीएस की रक्षापंक्ति को भेदते हुए तनिष्क ने गोल कर टीम को 2-0 से अजेय बढ़त दिला दी।
इससे पहले एएमयू सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने प्रदर्शनी मैच में आयशा तरीन पब्लिक स्कूल को 1-0 गोल से हरा दिया। निर्णायक प्रभाकर, रानी कश्यप और विकास पाल रहे। खिलाड़ियों से विजडम पब्लिक स्कूल के उप निदेशक नितिन अग्रवाल ने परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव पवन सिंह जादौन, डीएस बाल मंदिर से रजनीश जैन, ब्रजभूषण, एएमयू सीनियर सेकेंडरी स्कूल से मुशर्रफ अली आदि मौजूद रहे।
शाम पांच बजे होगा फाइनल
24 मई को सुबह 7 बजे पहला सेमीफाइनल विजडम पब्लिक स्कूल और आयशा तरीन पब्लिक स्कूल के बीच खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल सुबह 8 बजे डीएस बाल मंदिर और एएमयू सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बीच खेला जाएगा। शाम 5 बजे फाइनल खेला जाएगा।