प्राथमिक विद्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग की टीम पर शिक्षकों पर दबाव डालने व अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। आरोप लगाते हुए उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने रोष जताया।
संगठन के ब्लॉक मंत्री विक्रांत चौधरी व ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि बृहस्पतिवार को डीसी एमडीएम खेलेंद्र राना, डीसी निर्माण ज्ञानेंद्र गौतम की टीम ने कई विद्यालयों का निरीक्षण किया था। प्राथमिक विद्यालय चिंता की नगरिया में तैनात प्रधानाध्यापक विनोद कुमार 14 दिन के चिकित्सीय अवकाश पर थे, जिसका ऑनलाइन आवेदन स्वीकृत है। टीम ने स्कूल का निरीक्षण करते उपस्थिति रजिस्टर पर ओवरराइटिंग करते हुए उन्हें अनुपस्थित दर्शा दिया। कई अन्य स्कूलों में शिक्षकों से अभद्र व्यवहार किया। पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं को संगठन कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई तो संगठन धरना देने को बाध्य होगा।