पति की मौत के बाद विद्या देवी बच्चों को लेकर मायके रह रही है। दो बच्चे और मां भंडारे से पैदल लौट रहे थे। रास्ते में बाइक ने दोनों बच्चों में टक्कर मार दी। टक्कर से बहन की मौत हो गई और भाई घायल हो गया।
गंगीरी क्षेत्र के गांव मलसई में नीम नदी के पुल पर 18 मई रात तेज रफ्तार बाइक ने मां के साथ आ रहे मासूम भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में बहन की मौत हो गई। भाई की हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
थाना बरला के गांव भवीगढ़ निवासी विद्या देवी पत्नी स्वर्गीय श्याम बाबू अपने पति की मृत्यु होने के बाद से अपने तीन छोटे बच्चों के साथ मायके गांव मलसई में पिता भरत सिंह के घर पर रह रही हैं। विद्या देवी 18 मई को अपनी बेटी लक्ष्मी (8) और बेटे शिवांसु (4) के साथ गांव मखदूमनगर में एक भंडारे में गई थी, जहां से रात करीब 8:30 बजे वह तीनों पैदल ही अपने गांव लौट रहे थे।
बताया गया है कि मां अपने बच्चों के साथ गांव मलसई के नीम नदी के पुल पर पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने दोनों बच्चों को रौंद दिया, जिससे दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला की चीख-पुकार पर गांव के कुछ लोगों के साथ परिजन आ गए और घायल बच्चों को गांव मलसई के चौराहे पर एक झोलाछाप के यहां इलाज कराते रहे, जहां सोमवार तड़के पांच बजे बालिका लक्ष्मी की झोलाछापकी दुकान पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
इसके बाद परिजनो ने घायल बालक को छर्रा के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत बालिका तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी।