महानगर के सारसौल इलाके में सुंदर ज्वेलर्स लूटकांड में नोएडा में पकड़े गए तीन लुटेरों की स्वीकारोक्ति के बाद एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जब इन तीनों ने सोफा के प्रधान पति कालीचरण की हत्या की थी तो क्या उस हत्या में उस समय निर्दोष नामजद किए गए और उन्हें पुलिस ने जेल भेजा था। इस मामले में पुलिस नए सिरे से जांच कराने जा रही है। साथ ही इन बदमाशों द्वारा हत्या कबूलने के बाद हत्या में फंसे बेगुनाहों को इंसाफ मिलने की उम्मीद जगी है।
अक्टूबर 2019 में खैर के सोफा खेड़ा गांव की प्रधान शांतिदेवी के पति कालीचरण 53 वर्ष की गोली मारकर हत्या की गई थी। भाई विक्रम सिंह ने गांव के ही छह लोगों पर रंजिशन हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इसी बीच बुलंदशहर में मुठभेड में पवन गुर्जर नाम का अपराधी गिरफ्तार हुआ था। उसने भी यह बात स्वीकारी थी कि अलीगढ़ जेल में निरुद्ध सोफा खेड़ा निवासी अमन शर्मा ने सुपारी देकर कालीचरण की हत्या कराई है। उसके बाद खैर पुलिस ने इन शूटरों या अमन की ओर ध्यान नहीं दिया था। नामजदों को जेल भेजने पर ही फोकस रखा था। अब सौरभ, रोहित व मोहित ने भी वही कहानी दोहराई है। इससे साफ है कि उस समय बेगुनाह नामजद जेल भेजे गए। वहीं अब खैर पुलिस कालीचरण की हत्या में नए सिरे से जांच कर रही है कि उस समय जो जेल गए थे, उनको नामजद किस आधार पर किया गया। इस मामले में एसएसपी मुनिराज जी कहते हैं कि मामले में सच्चाई जानने के लिए पुलिस टीम काम कर रही है।
लुटेरों को रिमांड पर लेने की तैयारी
सुंदर ज्वेलर लूटकांड में नोएडा पुलिस द्वारा मुठभेड़ में गिरफ्तार लुटेरों को अलीगढ़ लाने की तैयारी पुलिस ने शुरू कर दी है। इन्हें बी वारंट के आधार पर पहले यहां न्यायालय में तलब कराया जाएगा। इसके बाद इन्हें पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर माल बरामदगी से लेकर अन्य तमाम पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी। इसके लिए शुक्रवार को न्यायालय में बी वारंट दाखिल किया जाएगा। बृहस्पतिवार को इस संबंध में तमाम औपचारिकताएं पूरी की गईं।
सारसौल से सटे खैर रोड बाईपास पर बीते शुक्रवार को यह लूट हुई थी। जिसमें 35 लाख के जेवरात व नकदी जाने का आरोप लगा था। सीसीटीवी में कैद हुए बदमाशों के पीछे पुलिस दूसरे ही दिन पहचान के बाद लग गई थी। इसी बीच बुधवार को बदमाशों की नोएडा पुलिस से मुठभेड़ हो गई और वहां तीनों दबोच लिए गए। इनसे लूटे गए माल में से कुछ माल भी बरामद हुआ है। तीनों सौरभ, मोहित व रोहित खैर के सोफा निवासी हैं। अब इन्हें रिमांड पर यहां लाकर पूछताछ करने की पुलिस ने कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को न्यायालय में बी वारंट आवेदन किया जाएगा। ताकि उन्हें यहां तलब कराया जा सके।
- नोएडा में पकड़े गए ज्वेलर्स लूटकांड में शामिल बदमाशों को रिमांड पर लाने की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। जल्द ही बी वारंट के आधार पर इन्हें यहां लाकर रिमांड पर लिया जाएगा। इसके बाद इनसे माल बरामदगी आदि के प्रयास होंगे।-मुनिराज जी, एसएसपी
मुझे भरोसा, मिलेगा पूरा माल, नए सिरे से सीसीटीवी जांच
लुटेरों से जो माल बरामद हुआ है, वह बेहद कम है और सुंदर वर्मा द्वारा कई गुना ज्यादा माल लूटे जाने का उल्लेख किया था। इस सवाल पर ज्वेलरी शोरूम स्वामी सुंदर वर्मा का कहना है कि वह बदमाशों की शिनाख्त के लिए बुधवार को पुलिस के साथ नोएडा गए थे। बदमाश वही थे, जिन्होंने लूट की। रहा सवाल माल का तो अभी माल देखा नहीं है। मगर पुलिस अधिकारियों पर उन्हें पूरा भरोसा है। बदमाशों को रिमांड पर लेकर आने के बाद उनसे माल बरामद कराया जाएगा। संभवत: बदमाश झूठ बोल रहे हैं। इसी कवायद के तहत पुलिस ने नए सिरे से दुकान के अंदर व बाहर के सीसीटीवी की जांच शुरू कर दी है। एक बार फिर बारीकी से देखा जा रहा है कि कितना माल बदमाश ले गए। कितना रास्ते में या बाहर कहीं गिरा होगा। ताकि कौन झूठ बोल रहा है। इसकी सच्चाई सामने आ सके।