विक्रमशिला एक्सप्रेस में जांच करती पुलिस
- फोटो : संवाद
Aligarh news today in Hindi: भागलपुर से आनंद विहार जा रही विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन में रविवार सुबह आतंकवादी और बम की सूचना पर हड़कंप मच गया। ट्रेन की अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कराई गई। इससे ट्रेन करीब 42 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। हालांकि चेकिंग में कोई भी आतंकवादी, बम या कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
सब कुछ सामान्य मिलने पर ट्रेन को गंतव्य को रवाना कर दिया गया। आरपीएफ के सहायक आयुक्त गुलजार सिंह के अनुसार, रेलवे कंट्रोल रूम से सुबह 05:20 पर भागलपुर से आनंद विहार जा रही गाड़ी संख्या 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन में कोई आतंकवादी और बम होने की सूचना मिली।
इस पर नॉनस्टॉप ट्रेन विक्रमशिला एक्सप्रेस को अलीगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 05 पर सुबह 05:58 मिनट पर रोका गया। ट्रेन की आरपीएफ के हाथरस पोस्ट प्रभारी डीपी सिंह, एसआई धीरज चौधरी, जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर, डॉग स्क्वायड व बमनिरोधक दस्ते की मदद से संयुक्त चेकिंग की गई। हालांकि चेकिंग में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, विस्फोटक आदि सामान नहीं मिला।