अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के जेएन मेडिकल कालेज हास्पिटल में एक 25 वर्षीय कोविड पॉजिटिव महिला ने 2.3 किलोग्राम की स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है।
जेएन मेडिकल कालेज के स्त्री रोग विभाग की अध्यक्ष प्रो. तमकीन खान ने बताया है कि महिला को आरंभ में दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन बाद में उसे जेएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों की टीम प्रो. शाहीन, डा. मुश्ताक, डा. भूमिका, डा. शम्स, डा. अजीम और डा. जुलकरनैन ने बच्ची का सीजेरियन प्रसव कराया। प्रो. तमकीन ने बताया कि शिशु की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है और मां का कोविड वार्ड में उपचार चल रहा है। कोविड पॉजिटिव मां की पांचवीं स्वस्थ डिलीवरी एक मील का पत्थर है। इस महामारी के बीच गर्भवती महिलाएं बहुुत उथल-पुथल के दौर से गुजर रही हैं।
एएमयू के कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने कहा कि जेएनएमसी के स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड- पॉजिटिव गर्भवती के सुरक्षित प्रसव कराने के लिए बधाई देता हूं। मेडिकल कालेज में न केवल अलीगढ़ बल्कि पड़ोसी जनपदों की कोविड पाजिटिव महिलाओं का भी सफलतापूर्वक उपचार हो रहा है।