प्रदेश एवं केंद्र सरकार को किसान विरोधी बताते हुए रविवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताआें ने इगलास उपमंडी में सब्जियां सड़क पर फेंक दीं। भाजपा सरकारों का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। कहा कि सरकार की किसान विरोधी नीति के खिलाफ देश भर में किसान सब्जियां, दूध सड़कों पर फेंक कर प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकारी अभी भी नींद से नहीं जागी तो किसान आंदोलन सरकार की नींद हराम कर देगा।
भारतीय किसान यूनियन हरपाल गुट के कार्यकर्ताओं ने अपने अध्यक्ष चौ. हरपाल सिंह के नेतृत्व में रविवार को इगलास उपमंडी में प्रतीकात्मक रूप से लौकी, बैंगन, भिंडी, टमाटर आदि सब्जियों को सड़क पर फेंककर प्रदर्शन किया।
चौ. हरपाल सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसान विरोधी है। किसानों की अनदेखी कर कोई भी सरकार लंबे समय तक सत्ता नहीं रह सकती। अन्नदाता भूखा रहेगा तो देश की तरक्की नहीं हो सकती है। सरकार की दोषपूर्ण नीतियों के कारण ही किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है।
टमाटर थोड़ा लाल, भिंडी में तेजी
धनीपुर सब्जी मंडी में टमाटर एवं भिंडी के थोक भाव में मामूली वृद्धि दर्ज की गई है। खुदरा बाजार में जरूर मनमानी शुरू हो गई है। हालांकि यहां के अधिकारी यह मानने को तैयार नहीं हैं कि किसान आंदोलन का असर यहां की मंडी पर पड़ा है। तीन-चार रोज पहले तक टमाटर धनीपुर सब्जी मंडी में थोक भाव में 3 से 4 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था। पिछले दो दिन से इसके भाव में करीब एक रुपये तक की वृद्धि दर्ज की गई है। इसी तरह 4 रुपये की भिंडो 6 रुपये प्रति किलो तक थोक बाजार में बिक रही है। हालांकि मंडी इंस्पेक्टर रेटों में कोई खास परिवर्तन नहीं मान रहे हैं और न ही किसान आंदोलन के स्थानीय प्रभाव की बात स्वीकार रहे हैं। जानकारों का कहना है कि मंडी में स्थानीय टमाटर आ रहा है। चंद रोज पहले थोक मंडी में टमाटर डेढ़ से दो रुपये प्रति किलो तक बिका है। कई प्रदेशों में किसानों के आंदोलन के वहां टमाटर के रेट बढ़ गए हैं। ऐसे में यहां का टमाटर बाहर जा रहा है। इसकी वजह से रेट में मामूली वृद्धि देखी जा रही है। थोक व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान समय में लौकी, कद्दू, तोरई, मिर्च, टिंडा आदि के थोक रेट बहुत कम हैं। टमाटर के रेट में मामूली वृद्धि के बाद खुदरा व्यापारियों ने जरूर मनमानी शुरू कर दी है।
(थोक बाजार रेट)
सब्जी पहले का रेट वर्तमान रेट
टमाटर 3 से 3.5 रुपये प्रति किलो 4 से 4.5 रुपये प्रति किलो
भिंडी 4 रुपये प्रति किलो 6 रुपये प्रति किलो
नोट... रेट सब्जी मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष ठाकुर शल्यराज सिंह के अनुसार
थोक बाजार में टमाटर में एक रुपये एवं भिंडी में दो रुपये प्रति किलो तक की वृद्धि हुई है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह वृद्धि हड़ताल की वजह से हुई है।
- ठाकुर शल्यराज सिंह, अध्यक्ष सब्जी मंडी
खुदरा बाजार में टमाटर 15 रुपये एवं भिंडी 20 रुपये प्रति किलो बिक रही है। खेतों से टमाटर अब कम आ रहा है। इसकी वजह से मंडी में भी टमाटर की आवक कम है।
- बबलू, फूटकर सब्जी बिक्रेता
दामों में कोई खास परिवर्तन नहीं है। मांग और पूर्ति तथा अन्य स्थानीय कारणों से रेट में मामूली उतार-चढ़ाव आए-दिन होते रहते हैं। हड़ताल का असर यहां नहीं है।
- हरिओम शर्मा, सब्जीमंडी इंस्पेक्टर