आज अलीगढ़ जिले भर में धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। 15 अगस्त को जगह-जगह ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान गुंजायमान होगा। इसे लेकर पुलिस व प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जारी हैं। सुरक्षा के मद्देनजर शहर को नौ सेक्टरों में बांटा गया है। सभी थानों को दो दिन के लिए अतिरिक्त फोर्स दी गई है।
सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। स्वतंत्रता दिवस के महत्व को भावी पीढ़ी को अवगत कराने की आवश्यकता है ताकि देश के भावी कर्णधार स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों से अवगत हो सकें। अमृत काल का महोत्सव इसी उद्देश्य से मनाया जा रहा है। - संजीव रंजन, डीएम
स्वतंत्रता दिवस हमें हमारे वीर बलिदानियों से अवगत करा रहा है। हमें उनको याद करते हुए देश के भविष्य बच्चों को भी उनके बलिदानों से अवगत कराना है। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं सहित यह भी अपील है कि देश के विकास को लेकर हम एकजुट हों और आयोजन हर्षोल्लास पूर्वक मनाएं। - संजीव सुमन, एसएसपी
सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। लोगों से अपील है कि एकजुटता व हर्षोल्लास संग इस महोत्सव को मनाएं और समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लें ताकि हमारा देश विकास की ओर लगातार आगे बढ़ सके। - संगीता सिंह, मंडलायुक्त
सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। लोगों से अपील है कि संयम का परिचय देकर हर्षोल्लास के साथ इस पर्व को मनाएं। कानून न टूटे और न कोई तोड़ पाए। इस बात का खुद सभी ध्यान रखें। देश के विकास की ओर सोचकर संकल्प लें। - प्रभाकर चौधरी, डीआईजी रेंज