जिला पंचायत की चुनावों में शराब की खपत करने के लिए लोगों ने नकली शराब तक बनाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को आबकारी विभाग की टीम ने अकराबाद में पूर्व प्रधान के घर छापा मारा। जहां से करीब 100 लीटर नकली शराब और 87 पेटी गैर प्रांत की शराब बरामद की।
पिछले दिनों जिलाधिकारी ने जिला आबकारी अधिकारी एनके यादव को निर्देश दिए कि चुनावों ने गौर प्रांत और नकली शराब की बिक्री हो सकती है। निर्देश मिलने के बाद विभागीय अफसरों ने टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। गुरुवार को सूचना के आधार पर जिला आबकारी अधिकारी एनके यादव ने बताया कि इंस्पेक्टर अमित राज, अनंत कुमार, जितेंद्र, अरविंद, तुषार गौरव, रामकृष्ण आदि की टीम ने अकराबाद के विजयगढ़ रोड पर मंडलपुर के पूर्व प्रधान गंगा सिंह के घर छापा मारा। घर पर पूर्व प्रधान का बेटा सुनील मिला, जिसे गिरफ्तार कर लिया।
घर से करीब 87 पेटी शराब और 100 लीटर बनी हुई शराब बरामद की। टीम ने शराब को जब्त करते हुए आरोपी सुनील और उसके पिता गंगा सिंह के खिलाफ अकराबाद थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। बकौल जिला आबकारी अधिकारी एनके यादव शराब चुनावों के लिए मंगाई और तैयार की गई थी।