जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों में बीमारी की कहानी सुनाकर उनके परिवारों से ठगी की घटनाएं सामने आने लगी हैं। इसी क्रम में हाथरस के एक बंदी के परिवार से साइबर अपराधियों ने 7300 रुपये ऐंठ लिए। इस मामले में बंदी की ओर से तहरीर जेल प्रशासन के जरिये पुलिस को भेजी गई है। जेलर ने भी मामले में पुलिस को कार्रवाई के लिए लिखा है। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेलर के अनुसार बंदी हाथरस हसायन के नगला कांच का कप्तान सिंह 14 दिसंबर 2016 से जेल में निरुद्ध है। उसके परिवार को अंजान व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 8445366266 से फोन कर सूचना दी कि उसकी तबियत खराब हो गई है और उसे रुपयों की जरूरत है।
इस बहाने की आड़ में परिवार से पेटीएम नंबर 7078938883 में 7300 रुपये ऐंठ लिए। इस दौरान फोन करने वाले ने खुद को जेल वार्डर राजीव सैनी बताया था, मगर जेल में इस नाम का कोई जेल वार्डर नहीं है। बता दें कि इस तरह इससे पहले दिनेश व महेश उर्फ राजू के परिवार से भी इसी तरह रुपये ऐंठे गए हैं। सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय के अनुसार प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।