कोरोना का डर लोगों में इस कदर बैठ गया है कि वे सामान्य जुकाम-खांसी से परेशान व्यक्ति को कोरोना वायरस से संक्रमित समझ रहे हैं। ऐसा एक वाकया मंगलवार रात को रीवा एक्सप्रेस में सामने आया। ट्रेन में सवार एक यात्री को मामूली खांसी आने पर सहयात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर यात्री के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दे दी। इससे रेलवे में हड़कंप मच गया।
गाड़ी के रात 10:58 पर अलीगढ़ जंक्शन पर रुकते ही डाक्टरों व आरपीएफ की टीम पहुंच गई। यात्री की जांच की गई। सामान्य मिलने पर ही उसे ट्रेन में बैठकर सफर करने की इजाजत दी गई। रेलवे अस्पताल के एसीएमएस आलोक देव के मुताबिक रीवा एक्सप्रेस की एस-6 बोगी में आनंद विहार स्टेशन से प्रयागराज जाने को सवार हुए दिल्ली के 50 वर्षीय व्यक्ति को यात्रा करते समय खांसी होने पर साथी यात्रियों ने उसे कोरोना संक्रमित समझ लिया। इसकी जानकारी उन्होंने रेलवे के हेल्पलाइन नंबर पर दे दी।
गाड़ी के अलीगढ़ जंक्शन पर आने पर रेस्क्यू किया गया। यहां यात्री की चेकिंग की गई। चेकिंग में उसे सामान्य खांसी होने की बात सामने आई। इसके बाद यात्री को ट्रेन में आगे की यात्रा करने की इजाजत दी गई।