कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को 12 वर्षीय किशोर और नौ साल के बच्चे ने चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में धारा 376, पॉक्सो एक्ट व एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
घटना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव की है। चार साल की बच्ची के घर के पास एक खाली मकान है। गुरुवार की दोपहर में इसी खाली पड़े मकान में बच्ची, किशोर (12 वर्ष) और नौ साल का बालक झांझी व टेसू (खेल रहे थे) बना रहे थे। तभी किशोर और बालक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे दिया। इसी दौरान पीड़ित बच्ची का 10 साल का भाई वहां पहुंच गया। खिड़की से उसने घिनौनी हरकत को देख लिया। वह भागकर अपने माता-पिता के पास गया और पूरी घटना को बताया।
पीड़ित बच्ची के परिवार के लोग उसे थाने लेकर पहुंचे और बालक और किशोर के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 376, पॉक्सो एक्ट व एससी एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया। बच्ची के साथ दुष्कर्म की सूचना मिलते ही आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और दोनों को हिरासत में ले लिया। मासूम को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया है।
चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी दोनों बच्चों को भी हिरासत में ले लिया है। उन्हें बाल सुधार गृह भेजा जाएगा। पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
- विनीत जायसवाल, पुलिस अधीक्षक