शनिवार की रात को करीब सवा ग्यारह बजे अलीगढ़ में प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची प्रयागराज एक्सप्रेस में सवार होने के लिए यात्रियों के बीच धक्कामुक्की हो गई। इस दौरान एक युवती बेहोश हो गई जबकि 8 यात्री गिरकर मामूली रूप से चुटहिल हुए। वहीं जब ट्रेन के गेट नहीं खुले तो यात्रियों ने काफी देर तक हंगामा किया। अफसरों ने किसी तरह से समझा बुझाकर लोगों को शांत किया। अलीगढ़ से करीब 300 लोगों को ट्रेन में सवार होना था मगर कोई भी चढ़ नहीं सका।
प्रयागराज एक्सप्रेस में सवार होने के लिए अलीगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर तीन सौ से ज्यादा यात्रियों की भीड़ थी। जब ट्रेन प्लेटफार्म पर पहुंची तो यहां मौजूद यात्री दौड़ पड़े। लेकिन ट्रेन में किसी भी कोच का दरवाजा नहीं खुला। इससे अफरातफरी जैसा माहौल बन गया। धक्का मुक्की होने लगी थी। इस बीच कई यात्री प्लेटफार्म पर गिरकर चुटहिल हो गए थे।
एक युवती काजल के सिर में चोट लग गई। वह बेहोश हो गई थी। सूत्रों के मुताबिक भगदड़ में गिरने से 8 लोग चुटहिल हुए हैं। इनमें महेंद्र नगर के अनूप गुप्ता, नौरंगाबाद के मोहित, राजपाल सिंह, अमित गोस्वामी और पला के वीरपाल समेत आठ लोग हैं। क्योंकि सभी को हल्की फुल्की चोट थी लिहाजा अपने घरों को चले गए। वहीं ट्रेन के दरवाजे न खुलने पर यात्रियों ने हंगामा किया। यहां पहुंचे अफसरों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।
तीस मिनट खड़ी रही प्रयागराज और नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस
अलीगढ़। प्रयागराज जा रही प्रयागराज एक्सप्रेस और नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस जैसे ही रात करीब 11:15 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो ट्रेन में पहले से बैठे यात्रियों ने दरवाजे बंद कर लिए। जीआरपी और आरपीएफ जवानों के तमाम प्रयासों के बाद भी बोगियां के दरवाजे नहीं खोले जा सके। तमाम ऐसे यात्री थे, जो बिना टिकट थे।
ट्रेन करीब 30 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। रात करीब 11:45 बजे ट्रेन को प्रयागराज के लिए रवाना कर दिया गया। ट्रेन में सवार होने से वंचित रह गए यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हालांकि रेलवे अफसर उन्हें दूसरी ट्रेन में बैठने को समझाने में जुटे रहे।
आरपीएफ के पोस्ट कमांडर अमित कुमार सिंह ने बताया कि महाकुंभ मेले को लेकर प्रयागराज जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में काफी भीड़ है। यात्रियों ने भीड़ के चलते ट्रेन के दरवाजे बंद कर लिए थे। जिससे कुछ यात्री ट्रेन में सवार होने से रह गए। इन्हें दूसरी ट्रेनों से भिजवाने की व्यवस्था की जा रही है।
बोले यात्री...
ट्रेन में थर्ड एसी में कंफर्म रिजर्वेशन कराया था। परिवार और दोस्तों के साथ प्रयागराज जाना था, लेकिन भीड़ के चलते ट्रेन में सवार नहीं हो सके।
- मोहित कुमार, देहलीगेट
अलीगढ़ से प्रयागराज जाना था। ट्रेन में पहले से ही काफी भीड़ थी इसके चलते रिजर्वेशन होने के बाद भी ट्रेन में सवार नहीं हो सके । प्लेटफार्म पर भीड़ काफी थी और हालात बेहद खराब थे ।
- अनूप कुमार, महेंद्र नगर