जेएन मेडिकल की इमरजेंसी में भर्ती कासगंज घटना के घायल दरोगा अशोक कुमार।
- फोटो : CITY OFFICE
कासगंज में शराब तस्करों के हमले में जख्मी दरोगा अशोक सिंह की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। मगर, संक्रमण के खतरे को ध्यान में रखते हुए दरोगा को विशेष निगरानी में रखा जा रहा है। वहीं, आईजी ने इस कांड के मुख्य आरोपी शराब तस्कर मोती सिंह पर इनामी राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये करते हुए एडीजी स्तर पर भी इनाम बढ़ाने की संस्तुति की है।
जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती दरोगा अशोक सिंह बुधवार रात तक आईसीयू वार्ड में भर्ती थे। बृहस्पतिवार को डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें आईसीयू के सामने सर्जिकल वार्ड के क्यूवीकल रूम में शिफ्ट किया गया गया है। संक्रमण फैलने के अंदेशे पर मुलाकातों पर कड़ा पहरा रखने की हिदायत दी गई है और सिर व सीने की चोट के कारण ज्यादा बोलने की भी मनाही है। डॉक्टरों के अनुसार उसके सिर, फेफड़ा, लिवर व पैरों में चोट है, जिसके चलते ऑर्थोपैडिक, न्यूरो और टीबी एंड चेस्ट के डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। लिवर में चोट के चलते एक नली भी डाली गई है। बृहस्पतिवार को दरोगा ने अपनी पत्नी व अन्य परिजनों से बातचीत की है और भूख लगने पर खाने को मांगा है। इस पर जूस आदि पिलाया गया है। सीएमओ इंचार्ज डॉ. नरेश इतना ही बताते हैं कि अब दरोगा की हालत में लगातार सुधार हो रहा है।
आईजी ने की 50 हजार के इनाम की संस्तुति
आईजी रेंज पीयूष मोर्डिया के अनुसार, मुख्य आरोपी मोती सिंह पर वर्ष 2020 का मुकदमा है, जिसमें वह वांछित है। उसी मुकदमे में पुलिस वारंट लेकर गई थी। उस मुकदमे में जिला स्तर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उस इनामी राशि को बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया है और इनाम बढ़ाने की संस्तुति एडीजी स्तर पर की गई है। उनके स्तर से जल्द ही एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया जाएगा।
रात को आईजी, दिन में रजिस्ट्रार ने जाना हाल
घायल दरोगा का हाल जानने बुधवार रात आईजी पीयूष मोर्डिया जेएन मेडिकल कालेज पहुंचे। बृहस्पतिवार को दिन में एएमयू रजिस्ट्रार आईपीएस अब्दुल हमीद भी गए और वहां उन्होंने बेहतर इलाज को लेकर डॉक्टरों से बातचीत की। साथ में परिवार को किसी तरह की परेशानी न होने देने को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए।