बदलते मौसम के साथ सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। बुधवार को मलखान सिंह जिला अस्पताल की ओपीडी में सर्दी और बुखार के 228 मरीज पहुंचे। 25 की मलेरिया की जांच कराई गई।
विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 30 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि उपचार के बाद 14 को छुट्टी दे दी गई। बुधवार को ओपीडी में कुल 2312 मरीज पहुंचे। अस्पताल की लैब में 4900 जांचें की गईं। इसके अलावा 200 मरीजों का एक्सरे और 56 मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया गया।
228 मरीज बुखार से पीड़ित थे, जिनके शरीर में दर्द भी था। कक्षा-22, 23 में बुखार के मरीजों ने डॉक्टर को दिखाया। उन्होंने परचे पर दवाएं लिखीं। सीएमएस डॉ. जगवीर सिंह ने बताया कि तेज बुखार के साथ सांस लेने में परेशानी, भ्रम या अत्यधिक कमजोरी होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ओपीडी में 2312 मरीज पहुंचे।