अवैध कब्जे को हटाने पहुंची नगर निगम की टीम।
- फोटो : samvad
नगर निगम ने बुधवार को जमालपुर नाले पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नगर आयुक्त के निर्देश पर दो भवनों के अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए।
सहायक नगर आयुक्त तपस्या यादव के नेतृत्व में नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने नाले के ऊपर और आसपास किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया।
जमालपुर नाले और अनूपशहर रोड पर बढ़ते अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। स्थानीय लोगों और पार्षदों ने नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा से अवैध कब्जे हटवाने की मांग की थी। नगर आयुक्त ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पैमाइश के बाद अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
नगर निगम के संपत्ति विभाग, प्रवर्तन विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई हुई। मोहम्मद मुकीम और शेर मोहम्मद के अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
नगर निगम की यह कार्रवाई बृहस्पतिवार को भी जारी रहेगी। जमालपुर मुख्य मार्ग यानी अनूपशहर रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा। प्रवर्तन दल ने बुधवार को क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। अभियान से पहले सड़क किनारे किए गए कई अस्थायी अतिक्रमण भी जब्त किए गए।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि संबंधित भवन स्वामियों को पहले नोटिस दिए गए थे। उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था। अंतिम नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद नगर निगम को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करनी पड़ी।