इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय के अलीगढ़ केंद्र में चार वर्षीय स्नातक ऑनर्स उत्तीर्ण छात्रों के लिए एक वर्षीय मास्टर डिग्री का विकल्प शुरू किया गया है। इसमें नौ पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं। वर्ष 2026 से ऑनलाइन माध्यम से अर्थशास्त्र, इतिहास, एमकॉम, समाजशास्त्र, पत्रकारिता जनसंचार, अंग्रेजी, उर्दू, हिंदी और संस्कृत में मास्टर डिग्री कोर्स उपलब्ध होंगे।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अजय वर्धन आचार्य ने बताया कि यूजीसी के नए नियमों और एनईपी 2020 के तहत नई व्यवस्था लागू की गई है। चार वर्षीय स्नातक ऑनर्स करने वाले विद्यार्थियों के लिए अब मास्टर डिग्री हासिल करना आसान और तेज होगा। देश में सबसे पहले इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने वर्ष 2026 से इसके तहत नौ नए मास्टर डिग्री कार्यक्रम शुरू किए हैं।
जिन विषयों में मास्टर डिग्री का कार्यक्रम शुरू किया गया है, उनमें सामाजिक विज्ञान, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र और इतिहास में एक वर्षीय मास्टर डिग्री पाठ्यक्रम शामिल हैं। ये पाठ्यक्रम रिसर्च ट्रैक वाले विद्यार्थियों के लिए है। वाणिज्य बीकॉम ऑनर्स करने वालों के लिए एक वर्षीय एमकॉम। पत्रकारिता एवं जनसंचार में एक वर्षीय एमए। मानविकी के पाठ्यक्रम में चार वर्षीय यूजी ऑनर्स विद रिसर्च और चार वर्षीय यूजी ऑनर्स करने वाले विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग ट्रैक रखे गए हैं। अभी तक स्नातक के बाद सामान्य तौर पर दो वर्षीय मास्टर डिग्री का विकल्प था।