गोंडा थाने में भाजपा के इगलास विधायक व एसओ संग मारपीट मामले में शासन के निर्देश पर बृहस्पतिवार को दिनभर की जांच पड़ताल के बाद आईजी दीपक रतन ने अपनी जांच आख्या देर शाम शासन को भेज दी। कई पन्नों की गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर भेजी गई है। अब इस मामले में जो भी कार्रवाई होगी, वह शासन के निर्देश पर ही होगी। इसलिए अब जिले के अधिकारियों और भाजपाई खेमे को शासन के अगले आदेश का बेसब्री से इंतजार है। हालांकि, आईजी ने गोपनीयता का हवाला देकर इस विषय में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। हां, इतना जरूर स्वीकारा कि एसओ ने खुद पर लगे मारपीट के आरोप नकारे हैं। बता दें कि इस मामले में बुधवार को मुख्यमंत्री के निर्देश पर आईजी रेंज से 24 घंटे में रिपोर्ट तलब की गई थी।
इस मामले में बुधवार को खुद मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा था कि मामले में एसओ को निलंबित करते हुए एसपी देहात को जिले से हटाने व आईजी रेंज से 24 घंटे में रिपोर्ट तलब करने की जानकारी दी थी। साथ में डीजीपी यूपी को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में रेंज के आईजी दीपक रतन ने विभिन्न पहलुओं पर बृहस्पतिवार को दिन भर साक्ष्य संकलित करते हुए शाम तक जांच पूरी कर आख्या शासन को भेज दी है। इस जांच रिपोर्ट को पूरी तरह गोपनीय रखा गया है। खुद आईजी ने इस विषय में कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। हां, इतना जरूर मीडिया से बातचीत में स्वीकारा है कि एसओ ने आरोप नकारे हैं। इधर, अब रिपोर्ट शासन को चले जाने के बाद अब हर किसी की निगाह शासन के फैसले पर टिकी है। जिसमें आईजी की रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी।
विधायक का वीडियो भी बनेगा जांच का हिस्सा
इस पूरे प्रकरण में बुधवार की देर रात वायरल हुआ, विधायक का वह वीडियो भी जांच का हिस्सा बनेगा। यह जांच शासन या पार्टी संगठन स्तर से तय की जाएगी। माना जा रहा है कि इस वीडियो को स्थानीय स्तर पर कोई आधार नहीं बनाया गया है। इस वीडियो के आधार पर शासन या संगठन स्तर से विधायक के विषय में कोई फैसला लिया जा सकता है।
गोंडा प्रकरण में दोनों पक्षों के अपने-अपने वर्जन हैं। एसओ ने विधायक द्वारा लगाए गए आरोप नकारे हैं। इस मामले में शासन के निर्देशानुसार गोपनीय रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी गई है। मामले में अब जो भी अग्रिम कार्रवाई होगी, वह शासन के आदेश पर होगी।
दीपक रतन, आईजी, अलीगढ़ रेंज