दीनदयाल अस्पताल (एल-2) में बुधवार तड़के अजीबोगरीब मामला देखने को मिला। यहां मरीज को भर्ती नहीं किया गया तो तीमारदार खाली सिलिंडर रखकर भरा सिलिंडर लेकर भाग गए। स्टाफ ने रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक भागने में सफल रहे। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। प्रभारी सीएमएस डॉ. विपेंद्र कुमार सिंह ने थाने में तहरीर दी है।
जिले में आक्सीजन की किल्लत से अजीबोगरीब स्थित बनने लगी है। बुधवार तड़के एक मरीज की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराने के लिए लाए। यहां परिजन मरीज को भर्ती कराने के लिए गिड़गिड़ाते रहे। अस्पताल प्रशासन ने बेड न होने की असमर्थता जताई। इतने में परिजन की ओर से सात आठ लोग कोविड हेल्प डेस्क नंबर दो पर आ धमके। मरीज को भर्ती करने के लिए हंगामा किया।
अस्पताल में बेड न होने स्थिति में परिजन मायूस होकर लौटने लगे। इसी दौरान दो युवक स्कूटी से आगे बढ़े और ऑक्सीजन सिलिंडर उठाकर निकल गए। जबकि खाली सिलिंडर रख गए। इस दौरान अस्पताल स्टाफ ने रोकने की कोशिश की, लेकिन लोगों के हावी होने पर वह कुछ नहीं कर पाए। मामला अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। सीएमएस ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए क्वार्सी थाने में तहरीर भेज दी है।