महानगर के गांधीपार्क के शास्त्री नगर में पढ़ाई लिखाई के बजाय फेसबुक-वाट्सएप पर लगे रहने वाले युवक ने परिजनों की टोका-टाकी पर फांसी लगाकर जान दे दी। खबर पर पुलिस भी पहुंच गई। मगर परिवार ने बिना पोस्टमार्टम के ही शव वापस ले लिया। इस दौरान पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई की है।
इस दौरान परिवार ने मीडिया से भी दूरी बनाए रखी। वाकया इस तरह है कि शास्त्राीनगर निवासी 19 वर्षीय शिवम शर्मा पुत्र अशोक शर्मा बीकॉम का छात्र था। परिजनों ने पुलिस को दी जानकारी के अनुसार वह अपना अधिक समय वाट्सएप व फेसबुक पर बिताता था।
इसके चलते पढ़ाई में कमजोर होने के कारण परिजन भी इसका विरोध करते थे। रविवार रात इसी बात पर उसे परिजनों ने डांट दिया था। इस बात पर वह इतना क्षुब्ध हो गया कि सोमवार को उसने घर में फांसी लगा ली। खबर पर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने शव उतार लिया।
इसी बीच खबर पर गांधीपार्क पुलिस पहुंच गई। मगर परिजनों की ओर से यह इच्छा जताई गई कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते। इस पर पुलिस ने परिजनों की ओर से लिखित में लिया कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते। तब जाकर शव पंचनामा की औपचारिकता के बाद परिजनों के सुपुर्द किया गया।
इंस्पेक्टर गांधीपार्क ने सुसाइड किए जाने और बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों के सुपुर्द करने की पुष्टि की है।