आईसीएसई परीक्षा में प्रथम स्थान पर रही रिंकी कुमारी साथ में मां पुष्पा देवी, भाई अवधेश।
- फोटो : CITY OFFICE
इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजूकेशन (आईसीएसई) के 12वीं का परीक्षा परिणाम रविवार को घोषित कर दिया गया है। गगन पब्लिक स्कूल आगरा रोड की रिंकी कुमारी ने 93 फीसदी अंक लाकर जिला टॉप किया, जबकि एसजेडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के शुभम 92.2 फीसदी अंक के साथ जिले में दूसरे और इसी स्कूल की आकांक्षा शर्मा 91.5 अंक के साथ जिले में तीसरे स्थान पर रहीं।
जिले की टॉप-थ्री में दो बेटियों का कब्जा रहा। जिला टॉपर रिंकी कुमारी व तीसरे स्थान पर आकांक्षा शर्मा रहीं, जबकि टॉप-10 की सूची में छात्रों ने धाक जमाई। इस सूची में 13 विद्यार्थी हैं, जिनमें आठ छात्र और पांच छात्राएं हैं। चार विद्यालयों में 236 छात्र-छात्राओं ने 12 वीं की परीक्षाएं दी थीं। इन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत - प्रतिशत रहा है। 17 जुलाई को आए आईसीएसई के 10 वीं के परीक्षा परिणाम में गगन पब्लिक स्कूल की डिंपल अग्रवाल ने जिला टॉप किया था। अब इसी स्कूल की रिंकी कुमारी ने भी 12 वीं में जिला टॉप किया है।