पानी की टंकी पर चढ़े पति और पत्नी
- फोटो : वीडियो ग्रैब
जट्टारी कस्बे में रविवार सुबह पुलिस की कार्रवाई से नाराज एक युवक-युवती पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गए। दोनों करीब तीन घंटे तक ऊपर से नामजद आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते रहे। पुलिस के समझाने के बाद दोनों मुश्किल से नीचे उतरे। रक्षाबंधन पर युवक की बहन और बहनोई से क्षेत्र के कुछ लोगों ने मारपीट कर दी थी। टंकी पर चढ़ा युवक हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।
युवक की मां ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि 28 अगस्त को उनकी बेटी और दामाद रक्षाबंधन मनाने घर आए थे। रास्ते में कुछ लोगों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर दामाद से मारपीट की। बीच-बचाव करने वह पहुंची तो आरोपियों ने उससे अभद्रता, मारपीट और छेड़खानी की। दामाद की कार में तोड़फोड़ कर दी गई। मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने सात नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी और शांतिभंग में जेल भेजा था। आरोपी जमानत पर छूट आए, जिससे शिकायतकर्ता का बेटा नाराज हो गया।
सीओ खैर अभिषेक कुमार पटेल ने बताया कि महिला का मेडिकल कराने के बाद तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई और नामजद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा चुकी है। रविवार सुबह महिला का बेटा, जिसे पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। अपनी पत्नी के साथ टंकी पर चढ़ गया। समझाने पर दोनों नीचे उतर आए। टप्पल थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि युवक-युवती को टंकी से सकुशल उतार लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।