फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मदद-मुआवजे के लिए भड़की भीड़, जाम-तोड़फोड़

Sun, 10 Sep 2017 02:13 AM IST
अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
सूत‌म‌िल बीमा नगर में शुक्रवार को हुए धमाके में तीन लोगों की मौत के बाद जाम लगाकर प्रदर्शन करते लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
महानगर के बन्ना देवी क्षेत्र के सूत मिल बीमा नगर के मकान में हुए जबरदस्त विस्फोट में तीन लोगों की मौत के दूसरे दिन इलाके में मातम व दहशत का माहौल बना रहा। सुबह से ही इलाके के लोग प्रशासनिक अनदेखी और मदद न मिलने के कारण आक्रोशित थे। गुस्साए लोगों ने दोपहर में जीटी रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन भी किया। इस दौरान जाम से जबरन निकालने की कोशिश कर रहे ऑटो चालक संग मारपीट कर पब्लिक ने शीशे तक तोड़ दिए। बाद में पुलिस ने जैसे-तैसे भीड़ को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद दिन भर इलाके में नेताओं की आवाजाही और जांच पड़ताल का काम चलता रहा। इधर, विस्फोट में घायलों का जेएन मेडिकल कॉलेज और सारसौल के एक नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। 
विज्ञापन


सूत मिल बीमा नगर में गंगा सरन का दो मंजिल मकान में शुक्रवार सुबह 6.30 बजे हुए विस्फोट में गंगा सरन के दो बेटे कुंवर पाल (28), आशू (22) और पत्नी पुष्पा (55) की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटियां बबिता व ज्योति के अलावा पड़ोसन महिला आरती गंभीर रूप से जख्मी हैं, जिनका निजी नर्सिंग होम व मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। क्षेत्रीय के अनुसार विस्फोट इतना जबरदस्त था कि मानो इलाके में भूकंप आया हो। धमाके के चलते आसपास के 4-5 मकान तो मलबे में ढेर हो गए, जबकि 150 फीट दायरे का हर मकान क्षतिग्रस्त हुआ। इस विस्फोट का कारण जानने को अभी फॉरेंसिक टीम ने सैंपल विधि विज्ञान प्रयोगशाला आगरा भेजे हैं, जबकि वह दो सिलेंडर पुलिस ने जब्त कर लिए हैं, जिनसे गैस रिसाव के कारण कमरे में गैस क्लाउड बनने का अंदेशा है।

इधर, हादसे के बाद शुक्रवार रात परिवार को नुमाइश मैदान के पास एक गेस्ट हाउस में ठहराया गया था। सुबह यह परिजन फिर मौके पर पहुंच गए। जहां लोगों ने प्रशासनिक अनदेखी, मुआवजा व मदद न मिलने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। दुपहर करीब 12 बजे तक पब्लिक काफी संख्या में एकत्रित जीटी रोड पर एकत्रित हो गई और जाम लगा दिया। 
विज्ञापन


लोगों का कहना था कि शुक्रवार को यहां मदद, मुआवजा आदि के तमाम वादे किए गए। मगर अब परिवार को किसी तरह की मदद नहीं मिलती दिख रही है। जाम के दौरान एक ऑटो के शीशे तोड़ दिए और एक बाइक सवार संग मारपीट तक की गई। इस सूचना पर महिला पुलिस व थाना पुलिस सहित कई थानों का फोर्स पहुंच गया, जिन्होंने लोगों को समझाकर शांत किया। कहा गया कि मदद व मुआवजे आदि के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही मदद मिलेगी, तब जाकर पब्लिक शांत हुई और जीटी रोड से जाम हटा। इसके बाद दिन भर लोग विस्फोट स्थल के बराबर जमा रही। यहां लोगों की आवाजाही बनी रही। 

इधर, इस मामले में बन्नादेवी पुलिस ने थाने में इत्तेफाकिया दर्ज किया है, जिसमें किसी तरह के गैस रिसाव से प्राकृतिक गैस क्लाउड बनने पर विस्फोट का उल्लेख किया है। साथ ही दोनों सिलेंडरों को               जब्त कर शुक्रवार को फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्य परीक्षण के लिए शनिवार सुबह आगरा विधि विज्ञान प्रयोगशाला भिजवाए हैं।

प्रथम दृष्टया यह विस्फोट किसी तरह के गैस क्लाउड से ही लग रहा है। बाकी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जो भी उसमें सामने आएगा, उसके अनुसार जांच की दिशा को आगे बढ़ाया जाएगा। अब रहा सवाल परिवार का तो जिस तरह की बातें परिवार कर रहा है, अंदरखाने की परिवार ही बेहतर बता सकता है। उनकी बातों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। - राजेश पांडेय एसएसपी 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें