भाजपा सांसद सतीश गौतम ने अमर उजाला में 24 सितंबर के अंक में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग को पत्र लिख कर शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें पूछा गया है कि पंचायत चुनाव 2015 की आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अलीगढ़ में सत्तारूढ़ सपा सरकार के प्रचार प्रसार से संबंधित होर्डिग्स, स्लाइड स्क्रीन क्यों चल रहीं है..? किस नियम के तहत आला अधिकारियों के सीयूजी मोबाइल नंबरों पर सरकार का प्रशंसा गीत युवा जोश.. बजाया जा रहा है..? सांसद ने इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग से भी नियम और जानकारी मांगी है..।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चौ. बिजेंद्र सिंह और राष्ट्रीय प्रवक्ता विवेक बंसल ने कहा कि इस मामले में चुनाव आयोग दिल्ली को शिकायत भेजी जाएगी और पूछा जाएगा कि पंचायत चुनाव के किस नियम के तहत बैनर पोस्टर होर्डिंग्स लग रहे हैं। किस नियम के तहत अधिकारियों के कालर टयून में सत्तारूढ़ दल का प्रशंसा गान हो रहा है।
बसपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट अरविंद आदित्य ने कहा कि इस मामले में नियमों का अध्ययन करने के बाद चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। इधर, आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक परवेज अली खां ने सत्तारूढ़ नेताओं के जगह जगह लगे बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स पर अपनी तीखी पि्रक्रिया व्यक्त की है। इसकी शिकायत चुनाव आयोग दिल्ली भेजी जा रही है। इस मौके पर सतीश चंद्र शर्मा, हेमेंद्र कुमार, शाहिद गाजी, बाबा बलवीर सिंह, सत्यकांत भारद्वाज, सुहेल पठान आदि उपस्थित रहे।