रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की स्केनिंग करती टीम।
- फोटो : Rupesh
कोरोना की रोकथाम के लिए अस्थमा, शुगर व श्वांस के हाई रिस्क मरीजों की रैंडम सैंपलिंग की तैयारी है। वहीं, जिले में घर-घर चल रही थर्मल स्क्रीनिंग में शहरी क्षेत्र में कोरोना के लक्षणों वाले 20 व्यक्ति मिले हैं। इनकी सैंपलिंग कराने के साथ ही होम क्वारंटीन किया गया है। इधर, जेल में 423 कैदियों की सैंपलिंग की गई जिसमें से 363 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि 60 की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
कलक्ट्रेट में रोजाना होने वाली समीक्षा बैठक में डीएमओ डा. राहुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि शहरी क्षेत्र में घर-घर सर्वे के दौरान शनिवार को 20 व्यक्ति कोविड-19 के समरूप लक्षण वाले व्यक्ति मिले है, उन्हें होम क्वारन्टीन कर दिया गया है। डीएम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर हो रहे सर्वे की मुख्य चिकित्साधिकारी स्वयं समीक्षा करें तथा अस्थमा, शुगर एवं श्वांस की बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों की अलग से सूची बनाई जाए। हाई रिस्क मरीजों की रैंडम सैंपलिंग कराई जाए। एसडीएम इस कार्य को गंभीरता से लें।
उन्होंने कहा कि पता चला है कि एसीएमओ एवं डिप्टी सीएमओ उक्त कार्य का निरीक्षण नहीं कर रहे है। वे अपना रवैया सुधारते हुए घर-घर सर्वे का नियमित रूप से निरीक्षण करते रहेें। सीडीओ ने बताया कि शनिवार तक 409 सैंपल की रिपोर्ट जेएन मेडिकल कॉलेज में पेंडिंग है।
सीएमओ ने बताया कि जेल में 423 कैदियों की सैंपलिंग की जा चुकी है और समस्त कैदियों की थर्मल स्क्रीनिंग पूरी कर ली गई है, जिसमें 60 कैदियों की जांच रिपोर्ट लंबित है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने सभी जांच रिपोर्ट मंगाकर पॉजिटिव पाए गए कैदियों को क्वारंटीन करने के आदेश दिए।