बन्नादेवी मसूदाबाद बस स्टैंड स्थित नई बस्ती के पास अवैध उगाही को लेकर आपस में भिड़े होमगार्ड। सं?
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र में मसूदाबाद बस स्टैंड के बाहर वसूली के रुपयों की बंटवारे के लिए दो होमगार्ड आपस में भिड़ गए। उनमें जमकर गुत्थमगुत्था हुई। यह वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने संज्ञान लेते हुए सीओ द्वितीय को जांच के निर्देश दिए। जांच के आधार पर दोनों होमगार्डों की सेवा समाप्त करने के संबंध में जिला होमगार्ड कमांडेंट को लिखा गया, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई है।
हुआ यूं कि रविवार सुबह से एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया। जिसमें साफ दिख रहा है कि दो होमगार्ड आपस में गुत्थमगुत्था कर रहे हैं। 29 सैकेंड का यह वीडियो मसूदाबाद के पास का बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वाहनों से अवैध वसूली को लेकर यह दोनों आपस में भिड़े हैं। एक दूसरे का गिरेबान पकड़कर झगड़ा कर रहे हैं।
हालांकि इनका एक अन्य होमगार्ड बीचबचाव करा रहा है। यह वीडियो संज्ञान में आने पर एसएसपी ने सीओ द्वितीय को जांच सौंपी। जांच के आधार पर इन दोनों के खिलाफ सेवा समाप्ति के संबंध में होमगार्ड कमांडेंट को लिखा गया। इसके आधार पर दोनों पर कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मामले में एसएसपी स्तर से जांच कर कमांडेंट को कार्रवाई के लिए लिखा गया है। बाकी मामले में जांच की जा रही है।