यदि आप होली पर घर जाने की सोच रहे हों तो आपको मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि लंबी दूरी की कई ट्रेनों में सीटें अभी से ही फुल हो गईं हैं। होली मनाकर वापस लौटना भी आसान नहीं है, क्योंकि वापसी की कई ट्रेनों में भी सीटें उपलब्ध नहीं हैं।
हालांकि कैशलेस ट्रांजेक्शन के तहत रेलवे आनलाइन आरक्षण कराने वालों को टिकट बुक कराने में थोड़ी रियायत अवश्य दे रहा है।
अगले साल होली 12 मार्च को पड़ रही है। त्योहार के मद्देनजर ट्रैवेल एजेंटों और कुछ जागरूक यात्रियों ने चार माह पहले ही सीटें बुक करा ली हैं। दिल्ली हावड़ा रूट पर कानपुर जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में सीटें आरक्षित हो गई हैं। सोमवार शाम तक 11 मार्च को प्रयागराज, रीवा, स्वर्ण शताब्दी, ब्रह्मपुत्र मेल, फरक्का, नीलांचल, वैशाली, कैफियात व महाबोधि एक्सप्रेस में आईआरसीटी की वेबसाइट में वेटिंग दर्शाया जा रहा था। प्रयागराज में तो रिग्रेट ही लग गया है।
वहीं 10 मार्च को स्वर्ण शताब्दी, ब्रह्मपुत्र मेल, फरक्का, नीलांचल, सीमांचल, कालका मेल में कुछ सीटें खाली थीं, जिससे आप सीटें बुक करा सकते हैं। इसी प्रकार वापसी में प्रयागराज, रीवा में आपको सीट नहीं मिलेगी, क्योंकि 14,15 मार्च को इन ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट लग गई है।
इन ट्रेनों में अभी है जगह
स्वर्ण शताब्दी 10 मार्च
ब्रह्मपुत्र मेल 10 मार्च
फरक्का एक्स. 10 मार्च
नीलांचल एक्स. 10 मार्च
नार्थ ईस्ट 10 मार्च
सीमांचल 10, 11, 12 मार्च
कालका मेल 10, 11, 12 मार्च