होली पर शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिए सोमवार को जिला प्रशासन व पुलिस की बैठक हुई। बैठक में डीएम चंद्रभूषण सिंह व एसएसपी ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि होली पर किसी भी प्रकार से अराजकता न हो, जनसमस्याओं का निस्तारण किया जाए। अराजकों को चिन्हित करते हुए उनको पाबंद किया जाए।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि होली को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। किसी ने भी अराजकता की तो सीधे कार्रवाई होगी। एसडीएम व सीओ अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण करेंगे, किसी भी प्रकार के विवाद को त्वरित खत्म करेंगे। सभी धार्मिक स्थलों की अभियान चलाकर सफाई की जाए। नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत में सफाई, पेयजल की व्यवस्था बेहतर की जाए तथा विद्युत विभाग निर्वाध सप्लाई करेगा। सिटी मजिस्ट्रेट, एसीएम प्रथम व एसीएम द्वितीय व सभी सीओ को शहर का भ्रमण करने के निर्देश दिए। सीएमओ और सीएमएस अस्पतालों में सभी प्रकार की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखेंगे। सभी एसडीएम व सीओ अपने अपने संबंधित थानों पर शांति समिति की बैठक करेंगे। जिससे त्योहारों में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो। वहीं विद्युत विभाग होलिका जलने वाले स्थान पर विद्युत तारों को ऊंचा रखेगा।
एसएसपी मुनिराज जी ने कहा कि होली पर सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रहेगी और सभी थानों में टीमें गठित की गई जो मौके पर जाकर विवाद का निस्तारण करेंगी। सभी एसओ व चौकी इंचार्ज अपने अपने क्षेत्र में पीस कमेटी की बैठक करेंगे। इसके साथ ही सहायक नगर आयुक्त राज बहादुर ने कहा कि महानगर में सफाई के लिए 4 जोन, 16 सेक्टर की सफाई व्यवस्था का प्लान बनाया है। उस पर काम भी शुरू कर दिया है। वार्डों पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। 18 टैंकर पानी के तैनात किए जा रहे है। बैठक में मेयर मो. फुरकान, एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, एसपी देहात शुभम पटेल, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह, सभी एसडीएम, सीओ व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।