यूपी बोर्ड के हाईस्कूल के विज्ञान विषय का शनिवार को पेपर आउट होने के चलते बनूपुरा स्थित आदर्श जनउद्धार इंटर कॉलेज बाढ़ौल की परीक्षा निरस्त कर दी गई है, जबकि इस मामले में केंद्र व्यवस्थापक सहित 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। शनिवार को विज्ञान के प्रश्नपत्र को सॉल्वर भमसोई स्थित भाजपा नेता अभय शर्मा के ईट-भट्ठे पर हल कर रहे थे।
सूचना पर एसडीएम ने छापामार कर लिखी हुई बोर्ड की कॉपियां, प्रश्नपत्र और नकल सामग्री बरामद की। इस दौरान सॉल्वर अपनी छह बाइक व चार मोबाइल छोड़कर भाग गए, जबकि भट्ठे के चौकीदार और दो सॉल्वर पकड़े गए।
एसडीएम पंकज कुमार को भाजपा नेता अभय शर्मा (बसपा से अतरौली विधानसभा क्षेत्र का चुनाव लड़ चुके) के भमसोई स्थित ईट-भट्ठे पर विज्ञान के प्रश्नपत्र को हल किए जाने की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने निजी वाहन से कानूनगो गुरुकेश यादव, लेखपाल देवकांत यादव, चालक नन्नू सिंह व पुलिस कर्मियों के साथ ईट-भट्ठे पर छापा मारा।
अधिकारियों को देखकर 14-15 सॉल्वर भाग गए। इस दौरान एक युवती, एक अन्य व्यक्ति व चौकीदार पकड़ लिए गए। युवती ने बताया कि वह अपने भाई की कॉपी लिख रही थी। सूचना पर पालीमुकीमपुर थाने से एसआई सुरेंद्र राणा व अमित कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। डीआईओएस ने आदर्श जन उद्धार इंटर कॉलेज बाढ़ौल की विज्ञान विषय की परीक्षा निरस्त कर दी है।
वहीं, उन्होंने कॉलेज को डिबार व मान्यता प्रत्याहरण की संस्तुति की है। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया गया है। इस मामले में केंद्र व्यवस्थापक, पकड़े तीन सॉल्वर व फरार सात सॉल्वर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
- परिवार में बेटी की शादी है। हम उसमें व्यस्त हैं। भट्ठा पिछले साल से बंद है। इसलिए हमारा भट्ठे की तरफ आना जाना नहीं हो पाता। वहां पर कौन लोग, कब पहुंचे और क्या कर रहे थे? इसकी जानकारी नहीं है। यह मुझे बदनाम करने की साजिश भी हो सकती है। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। मौके से पकड़े गए लोगों व नकल सामग्री से हमारा कोई लेना देना नहीं है।
- अभय शर्मा, भाजपा नेता
- भमसोई में अभय शर्मा के ईट भट्ठे से सॉल्वर व बोर्ड की कॉपियां समेत नकल सामग्री पकड़ी गई है। मौके से पकड़े गए लोगों ने बताया कि प्रश्नपत्र आदर्श जन उद्धार इंटर कॉलेज बनूपुरा से बाहर आया था और कॉपियां भी वहां लगाने के लिए लिखी जा रही थीं। केंद्र व्यवस्थापक समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। नकल कराने में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
- पंकज कुमार, एसडीएम