कस्बा इगलास के मुख्य चौराहे पर तेज हवा से गिरा बिजली का खंभा। स्रोत : सोशल मीडिया
- फोटो : samvad
कस्बे के मुख्य चौराहे पर 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का खंभा दोपहर को गिर गया। गनीमत हादसे के वक्त कोई मौके मौजूद नहीं थी। खंभा गिरने से अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। वहीं, अलीगढ़ रोड पर जगदंबा पेट्रोल पंप के सामने दो पेड़ गिरने से करीब एक घंटे तक आवागमन बंद रहा। तेज बारिश से क्षेत्र में करीब 16 खंभे गिरने की सूचना थी।
पोल गिरने के बाद पुलिस ने मथुरा से आने वाले वाहनों को सासनी रोड की ओर डायवर्ट किया। वन विभाग की टीम ने पेड़ों को हटाकर रास्ता साफ कराया। पुलिस ने यातायात सुचारु कराया। उधर, बारिश से सीतापुर, भीलपुर, लालपुर, असावर, टीकापुर, रामपुर, मड़ौरा, कजरौठ, खेड़िया, पहाड़ीपुर, नौगवां, रायतपुर और बहादुरपुर सहित कई गांवों के खेतों में पानी भर गया। बाजरा की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। एक्सईएन धर्मेंद्र कुमार ने बताया है कि कस्बा फीडर व कोल्डस्टोरेज फीडर से जुड़े करीब 16 खंभे तेज हवा से गिरे हैं। देर शाम तक कर्मचारी उन्हें सही करने में जुटे थे।