नर्सरी की खासियत यह है कि यहां तापमान को नियंत्रित कर बिना मौसम वाली पौध भी तैयार की जा सकती है। इससे किसानों को समय से पहले पौधे लगाने का मौका मिलता है और आय बढ़ने की संभावना बढ़ती है।
अलीगढ़ के जवाहर पार्क में उद्यान विभाग से संचालित हाईटेक नर्सरी में आधुनिक तकनीक की मदद से फल और सब्जियों की पौध तैयार की जा रही है। यहां से किसानों को कम लागत में बेहतर गुणवत्ता वाली पौध मिल रही है। किसानों के लिए सुविधा है कि वह स्वयं बीज उपलब्ध कराएं तो मात्र एक रुपये प्रति पौध की दर से तैयार पौध उन्हें मिल जाएगी।
विज्ञापन
वहीं नर्सरी में पूरी तरह तैयार पौध लेने पर किसानों को 2.50 रुपये प्रति पौध खर्च करना पड़ता है। यह पहल छोटे और मध्यम किसानों के लिए विशेष रूप से लाभकारी मानी जा रही है। हाईटेक नर्सरी में खीरा, मिर्च, लौकी, तोरई, टमाटर, बैंगन, बंदगोभी, फूलगोभी, शिमला मिर्च, तरबूज और खरबूज जैसी कई फसलों की पौध तैयार की जा रही है। इसके अलावा यहां आड़ू, गुलाब और विभिन्न मौसमी पौधों का भी उत्पादन किया जाता है।
नर्सरी की खासियत यह है कि यहां तापमान को नियंत्रित कर बिना मौसम वाली पौध भी तैयार की जा सकती है। इससे किसानों को समय से पहले पौधे लगाने का मौका मिलता है और आय बढ़ने की संभावना बढ़ती है। जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार का कहना है कि इस हाईटेक नर्सरी का उद्देश्य किसानों को उन्नत तकनीक से जोड़ना और उन्हें सस्ती व गुणवत्तापूर्ण पौध उपलब्ध कराना है, ताकि कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिल सके।