कलेक्ट्रेट के कंट्रोल रूम में लोगों की समस्याओं को सुनते डीएम।
- फोटो : Amar Ujala
क्या आप वाकई जिलाधिकारी बोल रहे हैं। हां हां भाई में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह बोल रहा हूं आप समस्या बताइये। यह सवाल शुक्रवार दोपहर 12 से एक बजे तक डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जनता से टोल फ्री नंबर 1950 पर सीधे रूबरू होने के दौरान छाया रहा। फोन करते ही डीएम की आवाज सुनकर हर कोई पहले चौंकता और यह सवाल उठाता। आश्वस्त होने पर अपनी समस्या बताता।
डीएम ने जनता की शिकायतों को सुना तथा शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। कंट्रोल रूम में आई शिकायत में नये वोटर कार्ड न मिलने की शिकायत की गई। डीएम ने बताया कि नये वोटर कार्ड बन कर आ गये हैं, जिनकाे वितरित किया जा रहा है। उन्होंने अपर जिलाघिकारी वित एवं राजस्व को निर्देश दिये कि सभी उप जिलाधिकारियों के साथ बैठक करके तुरंत वोटर कार्डों का वितरण कराया जाए।
कुछ व्यक्तियों द्वारा निर्वाचन पर्ची न मिलने की शिकायत पर बताया कि निर्वाचन पर्ची सभी बीएलओ को दे दी गयी है। जो प्रत्येक दशा में हर मतदाता को उपलब्ध कराई जाएगी। दो व्यक्तियों द्वारा जिलाधिकारी से कार्मिक ड्यूटी निरस्त कराने की प्रार्थना की गयी जिस पर जिलाधिकारी ने उन्हें मुख्य विकास अधिकारी अनुनय झा से प्रार्थना पत्र लेकर मिलने का निर्देश दिया। दो अन्य व्यक्तियों द्वारा जिलाधिकारी से वोटर लिस्ट में नाम गलत आने की शिकायत की। उन्होंने प्रार्थना पत्र देने की बात कही। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन कृष्णलाल तिवारी, अपर जिलाधिकारी वित उदय सिंह के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित थे।