टप्पल थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे से लौट रहे कार सवार संगीत कलाकार और उसके साथी को अवैध हथियारों के बल पर बंधक बनाकर पीटा गया। उनसे 25 हजार रुपये छीन लिए गए। बदमाशों ने उन्हें छोड़ने के एवज में परिजनों से दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। पीड़ित माधव शर्मा ने दो नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ टप्पल थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
जट्टारी के मोहल्ला दीपनगर निवासी माधव शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह भागवत कथाओं में संगीत मंडली का कार्य करते हैं। बुधवार रात करीब 10 बजे वह अपने साथी अजय निवासी गौमत चौराहा थाना खैर और सोनू निवासी एलमपुर थाना चंडौस के साथ एक कार से यमुना एक्सप्रेसवे से जट्टारी आ रहे थे। इस कार में कुछ अन्य सवारियां भी थीं।
कार में सवार एक व्यक्ति अन्य व्यक्ति से गालीगलौज कर रहा था, इस पर चालक ने उसे रास्ते में उतार दिया। इसके बाद बहस करने वाले युवक और उसके साथी जेवर कट पर उतर गए। माधव के अनुसार इसके बाद आरोपी ने अपने आठ-दस साथियों को फोन कर बुला लिया। जैसे ही उनकी कार टप्पल में यमुना एक्सप्रेसवे के गोल चक्कर के पास एक होटल के निकट पहुंची, तभी वहां पहले से इंतजार कर रहे आरोपियों ने अवैध हथियारों के बल पर उनकी कार को रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि आठ लोगों ने मिलकर उन्हें और उनके साथी अजय को लाठी-डंडों से पीटा। बंधक बनाकर अपनी कार में बैठाया। गांव खेड़िया बुजुर्ग ले गए। इस दौरान माधव की जैकेट की जेब से 25 हजार रुपये निकाल लिए। वीडियो भी बनाई। पीड़ित के फोन से कॉल कराकर उसके पिता को गांव में बुलवाया। रिहाई के बदले उनसे दो लाख की फिरौती मांगी। बृहस्पतिवार सुबह आरोपियों ने एक सादा कागज पर हस्ताक्षर कराने के बाद उन्हें छोड़ा। नवागत टप्पल थाना प्रभारी एसपी सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पीड़ितों को मेडिकल परीक्षण कराया गया है। अग्रिम कार्रवाई जारी है।