रविवार दोपहर टप्पल क्षेत्र के गांव शाहनगर सौरोला में कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को कुछ लोगों ने दौड़ाकर पीटा। पीड़ित स्वास्थ्य कर्मियों की ओर से टप्पल थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शाहनगर सौरोला में शनिवार को कोरोना संक्रमित एक महिला की मौत हो गई थी। आरोप है कि परिवार वालों ने कोविड नियम का पालन न कर शव को अपने घर पर रखा। अंतिम संस्कार भी कोविड नियमों के अनुसार नहीं किया। इस पर लोगाें ने टप्पल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जांच टीम गांव बुलाई थी। लैब टेक्नीशियन सौरव अत्री, रमा राव, सर्वेश शर्मा और संदीप ड्राइवर गांव पहुंचे।
लैब टेक्नीशियन सौरव अत्री के अनुसार जांच के दौरान गांव के कुछ लड़के आए। सैंपल लेने का विरोध करते हुए कहने लगे कि कोरोना कोई बीमारी नहीं है। गांव से जाओ। इसके बाद अभद्रता करने लगे।
अभद्रता से परेशान वह लोग गांव से निकलने लगे तो आरोपियों ने दौड़ाकर मारपीट की। उन्होंने एसडीएम खैर अंजनी कुमार व सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी को जानकारी दी। इस पर जट्टारी पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सीएचसी प्रभारी डॉ. ब्रजेश कुमार के आदेश पर पीड़ित स्वास्थ्य कर्मियों ने शाहनगर सौरोला निवासी गौरव पुत्र प्रेमपाल, सचिन पुत्र अशोक और रवीन पुत्र रामवीर के खिलाफ तहरीर दी है। थाना पुलिस के अनुसार मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।