अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों को 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए हेल्थ यूनिट स्थापित करने का निर्णय लिया है। हेल्थ यूनिट पर डॉक्टर, पैरा मेडिकल आदि स्टाफ उपलब्ध रहेगा।
विज्ञापन
रेलवे स्टेशन पर किसी भी यात्री के बीमार होने पर मीमो जारी होने के बाद ऑन कॉल डॉक्टर बुलाया जाता है। तब कहीं जाकर रेलवे अस्पताल से डाॅक्टर आकर मरीज को उपचार देते हैं। यहां तक की स्टेशन या उसके आस-पास भी कोई मेडिकल स्टोर उपलब्ध नहीं है। अब स्टेशन पर कोई अचानक बीमार पड़ जाए या आपातकाल में कोई दवा लेनी हो तो परेशानी नहीं होगी। प्लेटफार्म नंबर दो पर फूड स्टॉल के पास ही हेल्थ यूनिट की स्थापना होने जा रही है।
आपातकालीन सुविधाएं होंगी
स्टेशन पर स्थापित होने वाली हेल्थ यूनिट पर ऑक्सीजन, प्राथमिक उपचार, चोट की मरहम पट्टी, बच्चों को उपचार आदि समेत आपातकालीन सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशन पर कई बार स्थिति ऐसी होती है कि प्लेटफार्म पर प्रसव तक कराना पड़ता है। अब पास में हेल्थ यूनिट होने से यह सारी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध हो सकेंगी।
अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर हेल्थ यूनिट की स्थापना की जा रही है। इसके लिए स्थान चिन्हित कर लिया गया है,जल्द ही यहां यूनिट को स्थापित किया जाएगा।-अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल