विधायक निधि और नगर निगम की ओर से स्वास्थ्य विभाग को दी गई 40 लाख रुपये की धनराशि से दस वेंटिलेटर खरीदे जाएंगे। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के साथ हुई बैठक में जिलाधिकारी ने वेंटिलेटर खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का आदेश जारी किया।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के मुताबिक एक वेंटिलेटर की कीमत चार लाख रुपये की दर से दस वेंटिलेटर खरीद के लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। पूर्व में विधायकों ने अपनी निधि से 15 लाख और नगर निगम ने अपने मद से 25 लाख रुपये दिए थे। इस पैसे से खरीदे जाने वाले वेंटिलेटरों को हरदुआगंज और अतरौली में स्थापित एल-1 अस्पताल में लगाया जाएगा। वेंटिलेटर संचालन के लिए डाक्टरों के प्रशिक्षण के लिए भी निर्देशित किया गया है। इधर, एनएचएम से मिले 25 लाख में से 11 लाख रुपये पीपीई किट, मास्क और मरीजों के भोजन आदि व्यवस्थाओं पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से खर्च किए जा चुके हैं। बाकी के पैसे से भी लगातार व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं।
अब जनसुनवाई पोर्टल से भी कर सकेंगे पास के लिए आवेदन
लॉक डाउन के दौरान जिले में फंसे लोगों को अपने जिले या राज्य में जाने के लिए
पास बनवाने को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। शासन ने जनसुनवाई पोर्टल पर ही पास बनवाने की अतिरिक्त सुविधा प्रदान कर दी है। जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि लोग यूपी ई पास लिखकर गूगल पर पास के लिए शासन की बेवसाइट खोज सकते हैं। इसके साथ ही सीधे जनसुनवाई पोर्टल पर जाकर भी पास के आवेदन कर सकते हैं।