अलीगढ़ के विकास खंड जवां के प्राइमरी विद्यालय बरेहती के प्रधानाध्यापक मोहम्मद तौसीफ को अश्लील हरकत के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मंगलवार को बीएसए ने डीएम के आदेश पर यह कार्रवाई की है।
विद्यालय की शिक्षिका सबीहा रफत, साधना, बबीता राजपूत, सुनीता कुमारी, नीतू सिंह, राजकुमार और अजय गौड़ ने तीन जनवरी को प्रधानाध्यापक की हरकतों की शिकायत बीएसए से की थी। शिक्षक और शिक्षिकाओं के अनुसार, प्रधानाध्यापक विद्यालय में शिक्षक, शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं का मानसिक शोषण, असभ्य भाषा का प्रयोग करते हैं।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं से शौचालय सफाई कराते हैं, जबकि महिला शिक्षकों से अश्लील हरकत करते हैं। बीएसए को इस संबंध में वीडियो भी उपलब्ध कराया। इसी आधार पर उन्होंने आरोपी प्रधानाध्यापक मोहम्मद तौसीफ को निलंबित कर दिया है।
बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि निलंबित प्रधानाध्यापक को पूर्व माध्यमिक विद्यालय ऊटासानी, अकराबाद में संबद्ध कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रकरण की जांच खंड शिक्षाधिकारी आलोक कुमार करेंगे, जो बुधवार को विद्यालय जाएंगे।