बुधवार सुबह हकीमगढ़ी में रजबहा पुल की पटरी पर अनियंत्रित कार की टक्कर से कलीम (50) की मौत हो गई। वह अपने भतीजे नाजिम के साथ जेएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर को दिखाकर दवा लाने जा रहे थे। हादसे में नाजिम और एक स्थानीय बुजुर्ग भी घायल हुए हैं।
मोहल्ला नसीर निवासी नगर पंचायत के पूर्व वार्ड सदस्य मुनीम कुरैशी ने बताया कि उनके भाई कलीम सांस के रोगी थे। पिछले दिनों मौसम बदलने से आई ठंडक के चलते उनकी तबीयत खराब हो गई। बुधवार की सुबह उनका बेटा नाजिम अपने चाचा को लेकर बाइक से जेएन मेडिकल कॉलेज जा रहा था।
हकीमगढ़ी के रजबहा पुल पर महमूद गांव की ओर से आई अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। वहां मौजूद लोगों ने कार सवार को रोकने की कोशिश की, इस पर चालक ने कार उनकी ओर मोड़ी। बचने की कोशिश में हकीमगढ़ी गांव निवासी बुजुर्ग ऐदल सिंह घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन तत्काल तीनों घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने कलीम को मृत घोषित कर दिया।
घायल नाजिम और वृद्ध ऐदल सिंह का प्लास्टर कर उन्हें छुट्टी दे दी गई है। कलीम की मौत से उनकी पत्नी और बेटों को रो-रोकर बुरा हाल है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।