अकराबाद। जीटी रोड पर कीरतपुर टोल प्लाजा के पास अलीगढ़ डिपो की अनुबंधित बस ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। वह अपनी बेटी की शादी के कार्ड बांटने जा रहे थे। हादसा बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे का है।
सूचना पर पीआरवी कर्मी मौके पर पहुंच गए। घायल को सरकारी एंबुलेंस के जरिये अकराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह के अनुसार नगला बक्सी गांव निवासी सुरेश चंद्र की बेटी की दो दिसंबर को शादी है। वह अपनी बाइक से रिश्तेदारियों में कार्ड देने जा रहे थे। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे रोडवेज की अनुबंधित बस ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और वह घायल हो गए।
चालक बस को छोड़कर भाग गया था। बस को थाने में खड़ा कराया गया है। परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।