घने कोहरे के कारण हुई वाहनों की टक्कर में क्षतिग्रस्त हुआ ट्रक।
- फोटो : Amar Ujala
सर्द मौसम में पहले दिन ही धुंध और कोहरे की चादर जानलेवा बन गई। बुधवार तड़के नए हाईवे बाईपास पर तीन स्थानों पर हुईं दुर्घटनाओं में दो मौत हो गईं। वहीं दर्जनभर से ज्यादा वाहन आपस में भिड़कर क्षतिग्रस्त हो गए। इन हादसों में नौ से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं और इससे ज्यादा लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। एसपी सिटी व एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी आदि की मदद से वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
लोधा थाना क्षेत्र की खेरेश्वर चौकी के पास केशोपुर जौफरी के पास हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से गाजियाबाद से जनरेटर लेकर कानपुर जा रहा कैंटर घुस गया। इसमें दिल्ली के प्रीत विहार निवासी 30 वर्षीय कैंटर के परिचालक फैजान पुत्र रमजानी की मौत हो गई, जबकि नसीर, वसीम पुत्र सलीम निवासी कायमगंज फर्रुखाबाद और गाजियाबाद निवासी चालक प्रदीप पुत्र महेश चंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी थाना क्षेत्र में खेरेश्वर चौराहे के पास गत रात ट्रक ने एक युवक को रौंद दिया। युवक मानसिक रूप से कमजोर था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
देहलीगेट थाना क्षेत्र स्थित ऐलाना मीट फैक्ट्री के पास कैंटर और ट्रक की भिड़ंत हो गई। फिरोजाबाद के ईसेपुर निवासी मोहर सिंह पुत्र गीतम सिंह, हाथरस के बिछारी निवासी राशिद पुत्र नासिर हुसैन, इगलास के जवाहर निवासी इकराम पुत्र इस्लाम, हापुड़ के भंडापट्टी निवासी सरफराज पुत्र अब्दुल, सिकंदराराऊ निवासी भूरे पुत्र दीपचंद व प्रियांशु घायल हो गए।
इसी थाना क्षेत्र में शाहपुर कुतुब में कोहरे के कारण आधा दर्जन वाहन आपस में भिड़ गए। इसमें चार लोग घायल हो गए। यहां एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव व एसडीएम पंकज वर्मा मौके पर पहुुंच गए। इधर, गांधी पार्क थाना क्षेत्र के कमालपुर हाईवे पर तीन वाहन आपस में भिड़ गए। इसमें पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने कुछ घायलों को जिला अस्पताल तथा कुछ को प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया है। इधर, अकराबाद मोड़ पर भी रोडवेज बस व ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें दो यात्री जख्मी हुए हैं।