संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
कस्बा मुरसान की स्टेट बैंक गली स्थित एक युवती की गैस गीजर लगे बाथरूम में नहाते समय मौत हो गई है। युवती की शादी चार मार्च को होनी थी। लोगों का कहना है कि युवती की मौत बाथरूम में ऑक्सीजन कम होने की वजह से हुई है।
स्टेट बैंक गली निवासी हक्कन गुरु की बेटी राधा शुक्रवार को अपने बाथरूम में नहा रही थी। उस बाथरूम में गैस का गीजर लगा हुआ है। नहाने के बाद जब वह काफी देर तक नहीं निकली तो परिजनों ने आवाज लगाई। लेकिन उसका कोई जवाब नहीं आया।
कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजे को धकेला तो देखा कि वह अचेत अवस्था में गिरी पड़ी है। परिजन आनन-फानन युवती को इलाज के लिए चिकित्सक के पास ले गए। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। लोगों का कहना है कि बाथरूम में गैस गीजर के कारण ऑक्सीजन की कमी हो गई होगी। जिससे सांस लेने में परेशानी में हुई हो। राधा की बड़ी बहन की मौत भी कई साल पहले हो चुकी है।