न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)।
क्षेत्र के गांव करील में शुक्रवार को किसानों की महापंचायत को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को एकजुट करें। आने वाले दिनों में एक बड़े आंदोलन में उनकी जरूरत पड़ेगी। भाजपा सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। देश की जनता को गुमराह किया जा रहा है। अग्निपथ योजना लाकर युवाओं को हतोत्साहित किया है।
शुक्रवार को मुरसान के गांव करील में भाकियू की महापंचायत हुई। मुख्य अतिथि के रूप में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने महापंचायत को संबोधित किया। संबोधन शुरू होते ही बारिश होने लगी। राकेश टिकैत ने कहा कि किसान बारिश से डरते नहीं हैं। अब किसानों को एकजुट करने का समय है। सत्ता के लोग गांव-गांव जाकर आने वाले चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। हमें भी अपने संगठन से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ना है। एक बड़े आंदोलन में उनकी जरूरत पडे़गी। किसानों पर अत्याचार हो रहा है। सरकार ने किसानों को धोखा दिया है। झूठ बोला है कि एमएसपी पर कमेटी बनाई है।
उन्होंने अग्निपथ योजना का विरोध करते हुए कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरी नहीं मिल रही है। सेना की नौकरी चार साल की कर दी है। इससे युवा वर्ग हतोत्साहित है। इस मौके पर सादाबाद विधायक गुड्डू चौधरी, आशू चौधरी, रालोद नेता प्रवीन पौनियां, पूर्व चेयरमैन देशराज सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्याम सिंह, अवलेश चौधरी, लोकेश सिंह, प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष बुद्धा सिंह प्रधान, प्रदेश प्रवक्ता गजेंद्र सिंह परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मलखान सिंह, विमल तोमर मंडल अध्यक्ष अलीगढ़, जगदीश परिहार, योगेश कुमार सिंघल, देवेंद्र रघुवंशी मथुरा, गिर्राज सिंह महावन मथुरा, नीरेश मथुरा, मंगलेश यादव जिला उपाध्यक्ष हाथरस आदि थे। संवाद