शिक्षक की संदिग्ध हालात में मौत
परिजन जता रहे हत्या की आशंका, पुलिस को लग रही दुर्घटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शहर में रविवार की देर रात एक शिक्षक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। देर रात तक मृतक के परिजन अस्पताल में मौजूद थे और घटना को लेकर हत्या की आशंका जता रहे थे।
कोतवाली सदर क्षेत्र में घास मंडी आगरा रोड पर सड़क के किनारे पुलिस को एक युवक बेहोशी की हालत में दिखाई दिया। पुलिस उसे जिला अस्पताल ले आई। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान प्रेम सिंह पुत्र नन्नूमल निवासी नाई का नगला थाना कोतवाली सदर के रूप में हुई।
मृतक के परिजन भी वहां पहुंच गए। यह युवक प्रेम सिंह छाता मथुरा में शिक्षक के रूप में तैनात था। देर रात तक अस्पताल में मृतक के परिजन उसकी हत्या की आशंका जता रहे थे, जबकि कोतवाली निरीक्षक प्रवेश राणा का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे दुर्घटना में युवक की मौत हुई हो, फिर भी जो तहरीर मिलेगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।