हाथरस के चंदपा की बिटिया के मामले में सीबीआई ने अपनी जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में सीबीआई ने मंगलवार को दिन में करीब साढ़े चार घंटे तक बिटिया के गांव में डेरा डाले रखा। सीबीआई ने पहले घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
सीबीआई टीम के साथ उनकी फॉरेंसिक टीम भी साथ में आई थी। टीम ने घटना स्थल से कई साक्ष्य एकत्रित किए। उसके बाद टीम बिटिया के अंतिम संस्कार स्थल पर गई और वहां भी गहनता से छानबीन की। टीम ने बिटिया के घर पहुंचकर परिजनों से अलग-अलग पूछताछ की।
टीम बिटिया के एक भाई को अपने साथ पूछताछ के लिए ले आई। हालांकि पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। चंदपा क्षेत्र के एक गांव में बिटिया के साथ हुई दरिंदगी व उसकी हत्या के मामले की जांच के लिए सीबीआई का 15 सदस्यीय दल सबसे पहले कोतवाली चंदपा पहुंचा।
वहां कुछ पुलिस अधिकारियों व पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। यह जांच सीबीआई की डीएसपी सीमा पाहूजा को सौंपी गई है। इसके बाद यह दल करीब साढ़े ग्यारह बजे बिटिया के गांव पहुंचा। सबसे पहले टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।