उपद्रवियों को किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा
एसएसपी ने हंगामे से निपटने के लिए दिए दिशा-निर्देश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
सिकंदराराऊ। नगर के जामा मस्जिद पर हुए बवाल के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाना शुरू कर दी है। शनिवार की सुबह कोतवाली पर फ्लैग मार्च से पहले एसएसपी एसएस मीणा ने पुलिस बल को हंगामे की स्थिति से निपटने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि सामान्य जन को छेड़ा नहीं जाएगा और उत्पाती को किसी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। इसके बाद एसडीएम विजय शर्मा, सीओ डॉ. राजीव कुमार, कोतवाल डीके सिसौदिया के निर्देशन में पुलिस बल ने नगर में फ्लैग मार्च कर लोगों में सुरक्षा इंतजामों के प्रति भरोसा जगाने की कोशिश की। मार्च में इंसास रायफल से लैस महिला पुलिस कर्मी भी शामिल हुईं।
कोतवाली पर सुबह एसपी ने पुलिस कर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि जो नए कांस्टेबल हैं, वे चुस्ती फुर्ती से हालात पर निगाह रखें। उपद्रवी तत्वों को चिन्हित कर उन पर सख्त कार्रवाई करें। सामान्य नागरिकों से अच्छा व्यवहार करें। उन्हें लगे कि कहीं गलत होने की संभावना है तो वह तत्काल अधिकारी को सूचित करें। मौके पर खुद को सुरक्षित कर लें।
पुलिस के जवान मोहल्ला नौरंगाबाद, गौसगंज, हुरतमगंज, बड़ा डाकखाना, दमदमा, नौखेल, ब्राह्मणपुरी, मटकोटा, बड़ा बाजार, चूड़ी मार्केट, नयागंज, राठी चौराहा, पुरानी तहसील रोड से होकर वापस कोतवाली पर आ गई। नगर के कई मोहल्लों बाहर पुलिस तैनात रही। इधर, एलआईयू के विवेक वार्ष्णेय ने आकर शनिवार केेे नगर मोहल्लों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। पुलिस ने बवाल के बाद भागते हुए लोगों की सीसीटीवी फुटेज ली।
गौरतलब है कि सीएए के विरोध में नगर में निकल रहे जुलूस को पुलिस ने रोका तो वहां हिंसा भड़क गई थी। जमकर पथराव हुआ था। पुलिस ने भी हवाई फायरिंग की थी। इस बवाल में दो पुलिस कर्मी और तीन आम जन घायल हुए थे। मामले में शुक्रवार को ही पुलिस की तरफ से करीब 250 से 300 उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। पुलिस उपद्रवियों को चिन्हित कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दे रही है। एसपी ने बताया कि एक महीने के भीतर सभी चिन्हित आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।