न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)
कस्बा मुरसान में स्वास्थ्य विभाग ने मरे हुए आदमी की भी कोरोना वैक्सीन लगा दी है। जब फोन पर मृतक के कोरोना की दूसरी डोज लगने का मैसेज आया तो परिवार के लोग देखकर दंग रह गए।
दरअसल, कस्बा मुरसान निवासी विनोद कुमार अग्रवाल को पहली डोज पिछले साल छह अप्रैल को लगी थी। इस साल नौ जनवरी को उनका निधन हो गया। उनके निधन के बाद 28 जनवरी को फोन पर मैसेज आया कि उन्हें कोरोना टीका की दूसरी डोज लग गई है, जबकि उन्होंने टीका लगवाया ही नहीं था। विनोद अग्रवाल के बेटे विनीत कुमार अग्रवाल ने बताया कि उनके पिता का नौ जनवरी को निधन हो गया था।
उनके निधन के बाद मोबाइल पर उनके कोरोना की दूसरी डोज सफलता पूर्वक लगाए जाने का मैसेज आया है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी मां को भी अभी दूसरी डोज नहीं लगी है और उनके भी कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगाए जाने का मैसेज आया है। विनीत ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। संवाद