फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras Case News Live Updates: राहुल-प्रियंका को दिल्ली वापस भेजा गया, प्रदेश अध्यक्ष लल्लू और अन्य नेता पुलिस लाइन भेजे गए

Thu, 01 Oct 2020 08:30 PM IST
प्राची प्रियम अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस

खास बातें

हाथरस में युवती के साथ हुई दरिंदगी की घटना और उसके बाद देर रात किए गए अंतिम संस्कार को लेकर देशभर में लोग बौखलाए हुए हैं। परिवारवालों और पुलिस प्रशासन के अलग-अलग बयान तमाम सवाल खड़े कर रहे हैं। इसी बीच राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के हाथरस पहुंचने की भी सूचना है। इसे लेकर जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वहीं आज बिटिया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ गई है। यहां पढ़ें हाथरस कांड से संबंधित पल-पल के अपडेट-
विज्ञापन
काफिले को छोड़कर पैदल आगे जाती प्रियंका गांधी और राहुल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:28 PM, 01-Oct-2020

हाथरस की बिटिया के पोस्टमार्टम पर शशि थरूर ने कसा तंज

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने हथरस की बिटिया के पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर तंज कसते हुए ट्वीट किया है कि यूपी के मेरे एक दोस्त ने मुझे बताया था कि यह ऐसा राज्य (यूपी) है जहां किसी की सीने में गोली लगने से मौत हो जाती है तो उसकी मौत हार्ट फेल होने से बताए जाने की संभवना होती है। ऐसे में हाथरस पीड़िता की रिपोर्ट में दुष्कर्म की बात नहीं आती है तो इस खबर से हमें आश्चर्यचकित होने की जरूरत नहीं है। लेकिन क्या हम लोग हाथरस की बिटिया की गरिमा और उसकी पीड़ा को सम्मान दे सकते हैं?

05:01 PM, 01-Oct-2020

राहुल-प्रियंका को लेकर बुद्ध इटरनेशनल सर्किट से दिल्ली के लिए निकली पुलिस

बुद्ध इटरनेशनल सर्किट से राहुल और प्रियंका को लेकर पुलिस ने दोनों को दिल्ली बॉर्डर पर छोड़ दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष लल्लू और अन्य कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन भेजा गया है। इन्हें मुचलका भरकर छोड़ा जाएगा।

04:05 PM, 01-Oct-2020

बुद्ध इंटरनेशनल सक्रिट गेस्ट हाउस में प्रियंका-राहुल

राहुल और प्रियंका को गिरफ्तार कर पुलिस दोनों को बुद्ध इंटरनेशनल सक्रिट गेस्ट हाउस ले गई है। एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह ने भी इस बात की पुष्टि है कि दोनों को बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट के गेस्ट हॉउस ले जाया गया है। 

विज्ञापन
03:41 PM, 01-Oct-2020

पुलिस ने राहुल और प्रियंका को किया गिरफ्तार

हाथरस जाने के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन का कहना है कि हाथरस में धारा 144 लागू है ऐसे में वहां किसी के जाने की अनुमति नहीं है। वहीं यमुना एक्सप्रेसवे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। इसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। 

03:33 PM, 01-Oct-2020

राहुल गांधी नहीं माने तो लिया जाएगा हिरासत मेंः ज्वाइंट सीपी लव कुमार

ज्वाइंट सीपी लव कुमार ने कहा है कि वह राहुल गांधी को समझाने की कोशिश कर रहे हैं अगर वह नहीं माने तो उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।

विज्ञापन
03:06 PM, 01-Oct-2020

इतना मत डरो, मुख्यमंत्री महोदय: राहुल गांधी

हाथरस जाने के दौरान रोके जाने पर राहुल गांधी ने ट्वीट कर सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा है कि दुख की घड़ी में अपनों को अकेला नहीं छोड़ा जाता। उत्तर प्रदेश में जंगलराज का ये आलम है कि शोक में डूबे एक परिवार से मिलना भी सरकार को डरा देता है। इतना मत डरो, मुख्यमंत्री महोदय!

02:59 PM, 01-Oct-2020

अलीगढ़ के सपा जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बरसाई लाठियां

हाथरस में बिटिया के परिजनों से मिलने जा रहे अलीगढ़ के सपा जिला अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं पर हाथरस पुलिस ने लाठियां बरसाईं। सपा जिला अध्यक्ष गिरीश यादव, वरिष्ठ सपा नेता मनोज यादव सहित आधा दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस द्वारा सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को बस में भरकर अलीगढ़ पुलिस लाइन लाया गया।

02:53 PM, 01-Oct-2020

काश यह लाठियां बेटी की रक्षा में खड़ी होतीं: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है कि हाथरस जाने से हमें रोका गया। राहुल जी के साथ हम सब पैदल निकले तो बारबार हमें रोका गया, बर्बर ढंग से लाठियां चलाईं। कई कार्यकर्ता घायल हैं। मगर हमारा इरादा पक्का है। एक अहंकारी सरकार की लाठियां हमें रोक नहीं सकतीं। काश यही लाठियां, यही पुलिस हाथरस की दलित बेटी की रक्षा में खड़ी होती।
 

02:48 PM, 01-Oct-2020

अपनी गिरफ्तारी देंगे राहुल और प्रियंका

हाथरस जाने से पहले ग्रेटर नोएडा में ही रोके जाने के बाद राहुल और प्रियंका ने पैदल ही आगे बढ़ने का फैसला लिया। इसके बाद अब राहुल और प्रियंका ने अपनी गिरफ्तारी देने की बात कही है। बताया जा रहा है कि दोनों कुछ देर में गिरफ्तारी दे सकते हैं।

02:42 PM, 01-Oct-2020

राष्ट्रीय महिला आयोग ने यूपी पुलिस महानिदेशक को लिखा पत्र

राष्ट्रीय महिला आयोग ने उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक को हाथरस मामले को लेकर एक पत्र लिखा है। आयोग की तरफ से आधी रात को युवती के शव का अंतिम संस्कार करने और परिवार की अनुपस्थिति में शव का दाह संस्कार करने के मामले में स्पष्टिकरण मांगा गया है। आयोग ने प्रशासन को अपना जवाब भेजने के लिए कहा है।

01:35 PM, 01-Oct-2020

ग्रेटर नोएडा में रोके गए राहुल और प्रियंका, पैदल ही निकले आगे

ग्रेटर नोएडा में जीरो प्वाइंट पर राहुल और प्रियंका गांधी समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया। इस दौरान पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज भी किया। इसके बाद राहुल और प्रियंका अपने काफिले को छोड़कर पैदल ही आगे निकल गए हैं।

01:32 PM, 01-Oct-2020

टप्पल इंटरचेंज पर सभी वाहनों की हो रही चेकिंग

वहीं टप्पल इंटरचेंज पर प्रत्येक वाहनों की तलाशी ली जा रही है और जेवर टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। टोल की 6 लाइनों को बंद कर दिया गया है, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

01:23 PM, 01-Oct-2020

जेवर टोल पर पुलिस सख्ती से कर रही जांच

हाथरस कांड को लेकर कांग्रेस नेता राहुल प्रियंका गांधी, अजय सिंह लल्लू आदि नेताओं की टीम सैकड़ों कार्यकर्ताओं संग नोएडा से निकलकर जेवर टोल गेट की ओर बढ़ रही है। इसे लेकर अलीगढ़ जिले पर तगड़ी नाकेबंदी जेवर टोल से ही कर दी गई है। टोल पर अलीगढ़ और जेवर पुलिस घेरा डाले हुए है।

01:21 PM, 01-Oct-2020

गांव में तैनात पुलिसकर्मियों में कोरोना के लक्षण

हाथरस में बिटिया के गांव में तैनात तीन पुलिसकर्मियों में आज कोरोना के लक्षण नजर आए हैं। जिला प्रशासन ने पुलिसकर्मियों को परीक्षण करने के लिए भेज दिया है।

12:54 PM, 01-Oct-2020

आगरा में फूटा लोगों का गुस्सा

हाथरस में बिटिया के साथ हुई दरिंदगी पर आगरा के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। आगरा में गुरुवार को सफाई कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। नगर निगम के सभी सफाई कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर चले गए। हाथरस कांड को लेकर सुबह से ही शहर में जगह-जगह प्रदर्शन शुरू हो गए। फिरोजाबाद और कासगंज में भी सफाई कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया।

12:46 PM, 01-Oct-2020

बिटिया के गांव पहुंची एसआईटी की टीम

बिटिया के गांव में एसआईटी की टीम पहुंच चुकी है और परिजनों से पूछताछ कर रही है। गांव में एसआईटी की टीम द्वारा जांच की जा रही है। गांव में मीडिया व अन्य लोगों का प्रवेश रोक दिया गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स व प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।

12:37 PM, 01-Oct-2020

बिटिया के गांव जा रहे सपाइयों पर लाठीचार्ज

हाथरस में बिटिया के गांव जा रहे सपाइयों को पुलिस ने आगरा अलीगढ़ नेशनल हाईवे के बाईपास पर रोका लिया है। इस दौरान सपाइयों की पुलिस से भिड़ंत हो गई। पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज कर दिया, जिसके कारण भगदड़ मच गई। लाठीचार्ज में कई सपाइयों के चोट आई है।

12:33 PM, 01-Oct-2020

यूपी में राष्ट्रपति शासन लागू करे सरकार: मायावती

हाथरस की घटना और महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों को लेकर बसपा प्रमुख मायावती ने कहा है कि मैं मांग करती हूं कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू कर दे।
 

12:25 PM, 01-Oct-2020

दिल्ली से रवाना हुए राहुल और प्रियंका

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दिल्ली से हाथरस के लिए रवाना हो चुके हैं। चंदपा थाना क्षेत्र के गांव में जाकर दोनों लोग बिटिया के परिजनों से मुलाकात करेंगे।
 

12:13 PM, 01-Oct-2020

हाथरस कांड पर बौखलाए मुरादाबाद नगर निगम के सफाईकर्मी

हाथरस में हुए सामूहिक दुष्कर्म कांड के विरोध में मुरादाबाद नगर निगम के सफाई कर्मियों ने शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी है। गुरुवार को भी उन्होंने रामपुर रोड स्थित गुलाब बाड़ी से निगम की गाड़ियों को सफाई के लिए नहीं निकलने दिया। सफाईकर्मियों ने रामपुर रोड पर कुछ देर के लिए जाम लगाया और जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे। यहां पर उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि सरकार आरोपियों को समाज के हवाले कर दे। समाज उन्हें खुद सजा देगा।

11:59 AM, 01-Oct-2020

सामने आई बिटिया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट

बिटिया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि उसकी गर्दन के साथ शरीर में कई जगह फ्रैक्चर थे। स्पाइन को गर्दन से जोड़ने वाली हड्डी में फ्रैक्चर होने की बात भी कही गई है। फॉरेंसिक विभाग ने युवती के शव का विसरा भी सुरक्षित रख लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके साथ ही नाखून और वेजाइनल स्वैब को भी सुरक्षित रखा गया है। हालांकि सफदरजंग अस्पताल के डॉक्टर व पुलिस अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर ज्यादा कुछ बोल नहीं रहे हैं। पढ़ें रिपोर्ट की पूरी जानकारी...

11:57 AM, 01-Oct-2020

यमुना एक्सप्रेसवे पर भी सघन जांच

सूचना है कि राहुल और प्रियंका दिल्ली से हाथरस के लिए निकल चुके हैं। माना जा रहा है कि दोनों यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते हाथरस जा सकते हैं। इसके चलते यमुना एक्सप्रेसवे के मांट टोल प्लाजा पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। मांट टोल पर हर वाहन को चेकिंग के बाद जाने दिया जा रहा है। 

11:55 AM, 01-Oct-2020

योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर मठ भेज दिया जाए: मायावती

मायावती ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री योगी कानून-व्यवस्था नहीं संभाल सकते तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं केंद्र सरकार से गुजारिश करती हूं कि उन्हें गोरखपुर मठ भेज दिया जाए।

11:54 AM, 01-Oct-2020

मायावती ने भी योगी सरकार पर साधा निशाना

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। गुरुवार को एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश की कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। एक भी दिन ऐसा नहीं जाता है जब महिलाओं के खिलाफ अपराध न होते हों।
 

11:45 AM, 01-Oct-2020

Hathras Case News Live Updates: राहुल-प्रियंका को दिल्ली वापस भेजा गया, प्रदेश अध्यक्ष लल्लू और अन्य नेता पुलिस लाइन भेजे गए

बिटिया के गांव की सभी सीमाएं सील
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के बिटिया के गांव आने की सूचना पर हाथरस पुलिस प्रशासन बेहद अलर्ट हो गया है। जिले की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं और सघन चेकिंग कराई जा रही है। बिटिया के गांव को जाने वाले सभी रास्तों को रोक दिया गया है। वहीं कांग्रेस के कुछ नेता राहुल और प्रियंका को अपने साथ लाने के लिए दिल्ली बॉर्डर पर पहुंच गए हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें