बिटिया के परिवार वाले अब फिर से अपनी सामान्य दिनचर्या शुरू करना चाहते हैं। करीब एक माह से इस परिवार की दिनचर्या बिल्कुल बदल गई है। अब परिवार ने प्रशासन से रोजमर्रा से जुड़े कामों को करने की इजाजत मांगी है।
बिटिया की मौत के बाद इस परिवार की दिनचर्या पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। पिछले 15 दिनों से बिटिया के परिवार में राजनेताओं और सामाजिक संगठनों सहित अन्य लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। यहां तक की जांच के लिए सीबीआई और एसआईटी सहित अन्य अधिकारी भी बिटिया के घर पर पहुंच रहे हैं। अब बिटिया के परिवार वाले फिर से रोजमर्रा की जिंदगी को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने इस बारे में प्रशासन से रोजमर्रा के कामों को करने की इजाजत मांगी है। परिजनों ने यहां तैनात एसडीएम अंजलि गंगवार से कहा कि उनके खेतों में बाजरा खड़ा हुआ है, वह उसे काटना चाहते हैं। वहीं अन्य कामों के लिए भी प्रशासन से गुहार लगाई है।
एसडीएम अंजलि गंगवार ने कहा कि परिवार की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उनके स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। दवा उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जीवन तो आगे चलना ही है। इनके रोजमर्रा के जो काम है, वो ये कर सकते हैं। इनको सुरक्षा दी गई है। पुलिस की सुरक्षा के बीच ये लोग खेत पर जा सकते हैं।