सीबीआई ने घटनास्थल पर रोकी आवाजाही
- फोटो : अमर उजाला
देश को झकझोर देने वाले बिटिया प्रकरण में सीबीआई ने अपनी जांच और तेज कर दी है। सीबीआई की टीम ने बुधवार को बिटिया के पिता व दोनों भाइयों को पूछताछ के लिए अपने कैंप कार्यालय पर बुलाया। वहां टीम ने करीब सात घंटे तक इनसे पूछताछ की और फिर घर भिजवा दिया।
जिला अस्पताल जाकर भी मामले की छानबीन की और रिकॉर्ड खंगाले। कुछ अन्य जानकारियां भी पूरे दिन टीम ने हासिल की। वहां 14 सितंबर के सीसीटीवी फुटेज हासिल करने की भी कोशिश की लेकिन यह फुटेज टीम को नहीं मिले। कुछ अन्य लोगों से भी सीबीआई ने पूछताछ की।
पिछले चार दिन से सीबीआई ने यहां डेरा जमा रखा है। सबसे पहले आते ही सीबीआई ने पुलिस से इस केस से जुड़े सारे दस्तावेज, मेडिकल रिपोर्ट, बिटिया का विवेचक को दिया बयान, केस डायरी आदि हासिल कर लिए थे। कुछ वीडियो भी सीबीआई ने पुलिस से ले लिए थे। मंगलवार को सीबीआई ने घटनास्थल का मुआयना किया था। फिर बिटिया के दाह संस्कार स्थल और तदुपरांत बिटिया के घर पर भी गई थी। वहां भी गहनता से जांच-पड़ताल की थी। मंगलवार की शाम को सीबीआई बिटिया के एक भाई को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई थी। देर शाम उसे छोड़ दिया था। अब बुधवार को भी सीबीआई की जांच रफ्तार से चली।
सीबीआई ने बिटिया के पिता व दोनों भाइयों को अपने कैंप कार्यालय पर बुलवा लिया। इन्हें एसडीएम अंजलि गंगवार काफी पुलिस बल के साथ सुबह 11 बजे के लगभग गांव से लेकर गईं और फिर सीबीआई के अलीगढ़ रोड स्थित उपकृषि निदेशक कार्यालय छोड़कर आईं। सीबीआई ने अपना कैंप कार्यालय बना रखा है। वहां करीब सात घंटे तक इनसे पूछताछ की। इसके उपरांत टीम ने शाम पौने सात बजे के लगभग इन्हें वापस घर भिजवा दिया।
वहीं सीबीआई की एक टीम ने जिला अस्पताल जाकर भी रिकॉर्ड खंगाले। बिटिया को घायल अवस्था में घटना के दिन 14 सितंबर को वहीं लाया गया था और थोड़ी देर बाद ही अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। सूत्रों की मानें तो सीबीआई की टीम कुछ देर के लिए ही जिला अस्पताल में रुकी और वहां उस दिन के सीसीटीवी फुटेज भी प्राप्त करने की कोशिश की। लेकिन फुटेज नहीं मिले। टीम ने वहां इमरजेंसी वार्ड में मौजूद चिकित्सक व कुछ अन्य लोगों से बातचीत की।
वहीं जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ.आईबी सिंह का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोेई जानकारी नहीं है। सीबीआई का कोई अधिकारी उनसे नहीं मिला है। वैसे अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे चालू हैं। उनका यह भी कहना है कि सीसीटीवी कैमरे का बैकअप सिस्टम सात दिन का है। एक माह पुराने फुटेज देना संभव नहीं है।