पूरा देश अभी तक केरल में हथिनी को विस्फोट से मारने का सदमा झेल नहीं पा रहा था कि अलीगढ़ में एक और वीभत्स मामला सामने आया है। छर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित गुलाबी बाग मस्जिद के पास कुछ लोगों ने डंडों से बुरी तरह से पीट पीट कर एक बेजुबान कुत्ते को मौत के घाट उतार दिया। आसपास की भीड़ तमाशबीन बनी रही। किसी ने कोई विरोध नहीं किया। यही नहीं इस घटना का वीडियो भी वायरल हो गया है। इसके बाद पुलिस ने भी मामले में संज्ञान लिया है।
वीडियो में आधा दर्जन से ज्यादा लोग अपनेेे हाथों में लाठी डंडे लेकर एक बेजुबान कुत्ते को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार देते है और मौके पर खड़े लोग मूकदर्शक बने दिल को झकझोर देने वाले दर्दनाक और हैवानियत भरे इस नजारे को अपनी आंखों से देखते रहते हैं। मौके पर खड़ी भीड़ में किसी इंसान के अंदर इतनी हिम्मत नहीं थी कि जानवर को पीटने वालों को रोकता।
वीडियो में देखा जा रहा है कि युवक ने इस पूरी घटना को मोबाइल में कैद किया। एसपी ग्रामीण अतुल शर्मा ने बताया कि छर्रा थाना क्षेत्र का ये वीडियो संज्ञान में आया है। जिसमें कुछ लोग एक कुत्ते को मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की जांच कराई जा रही है और उसी आधार पर लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।